अपनी दुधारू गाय खुद तैयार कीजिये-भाग 18

0
938

*अपनी दुधारू गाय खुद तैयार कीजिये – भाग 18*

आपकी गाय ने बच्चा भी दे दिया। बच्चा स्वस्थ भी है। आपने उसे समय से खीस भी पिलवा दिया। मगर आपकी गाय ने जेर 12 से 24 घन्टे बीत जाने पर भी जेर नहीं डाली थी। कल हमने ऐसी स्थिति होने पर जो कदम उठाने हैं उनके बारे में बात की थी। मगर सोचने की बात यह है कि ऐसी स्थिति आई ही क्यों?

तो जेर रुकने के कई कारण हो सकते हैं जैसे…

1. गाय की उम्र अधिक होने पर यह समस्या आ सकती है
2. गाय के सेहत अच्छी ना होने पर ऐसा हो सकता है
3. गाय अगर ब्रूसेलोसिस बीमारी से ग्रस्त है तो जेर रुक सकती है
4. गाय को कोई अंदरूनी इन्फेक्शन है तो भी ऐसा हो सकता है
5. गर्भाशय की मांसपेशियां अगर ठीक से काम नहीं कर रही हैं तो भी यह समस्या आ सकती है

अब चर्चा करते हैं कि यह समस्या आई ही क्यों? क्या इसे रोका जा सकता था?

यह समस्या आई है गर्भावस्था के दौरान गाय के पोषण पर ध्यान ना देने के कारण।

गर्भावस्था के दौरान गाय को सन्तुलित पोषण उपलब्ध करवाने पर यह समस्या आने की सम्भावना बहुत कम हो जाती है। सन्तुलित पोषण से अभिप्राय है पर्याप्त मात्रा में हरा चारा, भूसा और रातिब मिश्रण। पिछली कई पोस्ट्स में हमने आपको बताया था कि किस अवस्था में गाय को कितना हरा चारा, भूसा और रातिब मिश्रण देना है।

गर्भावस्था का सातवाँ, आठवां और नौवां महीना बहुत महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान सन्तुलित पोषण, पीने के लिए साफ पानी और साफ सुथरा पशु बाड़ा होने पर जेर रुकने की समस्या बहुत कम हो जाती है।

READ MORE :  आज के परिवेश में दुधारू पशुओं में बढ़ती अनुउर्वरता एवं बांझपन की समस्या से कैसे निजात पाएं ?

अब बात करते हैं उन पोषक तत्वों की जिनकी कमी होने पर जेर रुकने की समस्या बढ़ जाती है…

1 ऊर्जा: गर्भावस्था के दौरान गाय के खान पान में ऊर्जा की मात्रा कम होने पर यह समस्या आएगी। इसलिए अंतिम चार सप्ताह में राशन में ऊर्जा की मात्रा बढ़ानी होगी। ऊर्जा की मात्रा बढाने के लिए गाय को अतिरिक्त अनाज और अतिरिक्त गुड़ दिया जा सकता है।
2 प्रोटीन: गर्भावस्था के दौरान अगर गाय के आहार में प्रोटीन की कमी होगी तो यह समस्या अधिक आएगी इसलिए छठे महीने के बाद गाय का विशेष ध्यान रखना है।
3 कैल्शियम और फॉस्फोरस: गर्भावस्था के दौरान गाय के राशन में कैल्सियम और फॉस्फोरस की कमी होने पर भी यह समस्या उत्पन्न होगी।
4 विटामिन डी: गर्भावस्था के दौरान गाय को धूप ना मिलने या अंधेरे कमरे में ही बांधे रखने से भी विटामिन डी की कमी हो जाएगी जिसके कारण कैल्शियम का सही उपयोग नहीं हो पायेगा और परिणाम होगा जेर रुकने की घटना में वृद्धि।
5 विटामिन ई: गर्भावस्था के दौरान गाय के राशन में विटामिन ई की कमी होने पर भी यह समस्या आएगी।
6 सेलिनियम: गर्भावस्था के दौरान सेलिनियम की कमी होने पर भी जेर रुकने की समस्या पैदा होगी।
7 विटामिन ए: गर्भावस्था के दौरान विटामिन ए की कमी होने पर भी जेर रुक सकती है।

इन सभी पोषक तत्वों को सप्लाई करने का सबसे बेहतरीन माध्यम है हरा चारा। इसलिए गर्भावस्था के दौरान गाय को हरा चारा अवश्य उपलब्ध कराएं। इसके अलावा रातिब मिश्रण बनाते समय उसमें 2 प्रतिशत विटामिन खनिज मिश्रण मिलाने पर उपरोक्त सभी खनिज और विटामिनों की पूर्ति होती रहेगी।

READ MORE :  Thousands of litres of cow urine consumed in Gujarat daily

आज के लिए बस इतना ही। कल बात करेंगे पोषण और पशुओं के पेट में होने वाले कीड़ों के सम्बन्ध की।

क्रमश:

*डॉ संजीव कुमार वर्मा*
*प्रधान वैज्ञानिक (पशु पोषण)*
*केंद्रीय गोवंश अनुसंधान संस्थान, मेरठ*

Please follow and like us:
Follow by Email
Twitter

Visit Us
Follow Me
YOUTUBE

YOUTUBE
PINTEREST
LINKEDIN

Share
INSTAGRAM
SOCIALICON