*अपनी दुधारू गाय खुद तैयार कीजिये – भाग 14*
अब आपकी गाय के गर्भकाल के आठ महीने पूरे हो चुके हैं। नौंवा महीना आरम्भ हो चुका है और यही समय है जब आपको अपनी गाय का दूध निकलना बन्द कर देना है।
इस समय तक गाय का दूध उसके उच्चतम उत्पादन का लगभग एक तिहाई रह गया है और अब आपको चाहिए कि उसका दूध निकालना बन्द कर दिया जाए। दूध निकलना बन्द करने के दो प्रमुख कारण हैं…
1 इस समय गर्भ की बढ़वार तेजी से हो रही है तो उसे अधिक पोषण चाहिए और अगर गाय से दूध निकाला जाता रहा तो गर्भ की बढ़वार ठीक से नहीं होगी।
2 गाय को बच्चा देने से पहले अपने अयन की मरम्मत करने के लिए कम से कम चालीस दिन का समय चाहिए तभी अगले ब्यान्त के लिए अयन और थन तैयार हो सकेंगे।
कुछ विद्वानों का कहना है कि इस समय गाय का दूध निकलना धीरे धीरे बन्द करना चाहिए मगर अनुसन्धानों से यह ज्ञात हुआ है कि दूध निकालना एक दम से बन्द कर देना चाहिए। अगर दूध निकालते रहेंगे तो थनों के प्रवेश द्वार पर किरेटिन प्रोटीन का जो प्लग बनना चाहिए वह नहीं बनेगा और थनों से दूध आता ही रहेगा और अयन और थनों को रेस्ट मिलेगा ही नहीं।
जैसे ही आप दूध का दुहान बन्द करेंगे तो वहां एक विशेष प्रकार की प्रोटीन आकर जम जाएगी और थन को बन्द कर देगी। थनों के अंदर जो दूध है वह पशु के शरीर द्वारा वापस सोख लिया जाएगा।
गाय का दूध सुखाने की प्रक्रिया पर विस्तार पूर्वक एक अन्य पोस्ट में बताएंगे। अभी बात करते हैं नौवे महीने में खान पान की।
इस समय गाय को उतना ही पोषण देना है जितना उसके गर्भ की बढ़वार के लिए और गाय की शरीर रक्षा के लिए आवश्यक है। बहुत ज्यादा पोषण देने से यह समस्या आएगी कि दूध का उत्पादन होता रहेगा और गाय का दूध सुखाने में समस्या आएगी। इस समय भी वही तीन परिस्थितियाँ हो सकती हैं…
1. आपके पास हरा चारा बहुत कम है और जो हरा चारा उपलब्ध है वह गैर दलहनी चारा है और आपके पास पर्याप्त भूसा और प्रचुर मात्रा में रातिब मिश्रण उपलब्ध है
2. आपके पास हरा चारा भी पर्याप्त मात्रा में है और भूसा भी और रातिब मिश्रण भी
3. आपके पास दलहनी और ग़ैरदलहनी हरा चारा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, भूसा भी है मगर रातिब मिश्रण लिमिटेड है या बिल्कुल नहीं है।
*स्थिति 1:* इस स्थिति में आठ माह गर्भ के पूर्ण कर चुकी गर्भवती गाय को 4 किलोग्राम गैर दलहनी हरा चारा, 6.5 किलोग्राम भूसा और 3.25 किलोग्राम 16 प्रतिशत क्रूड प्रोटीन वाला रातिब मिश्रण देना होगा। चूंकि इसमें रातिब मिश्रण की मात्रा अधिक है इसलिए यह अधिक महंगा साबित होगा और उत्पादन लागत बहुत अधिक होगी। इस स्थिति में गाय के भरण पोषण का खर्च व अन्य खर्चे मिलाकर कुल खर्च रुपये 194 प्रतिदिन होगा।
सोलह प्रतिशत क्रूड प्रोटीन वाले रातिब मिश्रण को बनाने की विधि हम कल बता ही चुके हैं। चलो एक बार फिर बता ही देते हैं। सोलह प्रतिशत क्रूड प्रोटीन वाला 100 किलोग्राम रातिब मिश्रण बनाने के लिए मक्का 40 किलोग्राम, गेहूँ का चोकर 40 किलोग्राम, सरसों की खली 17 किलोग्राम, अच्छी गुणवत्ता का विटामिन मिनरल मिक्सचर 2 किलोग्राम और साधारण नमक 1 किलोग्राम को भली भांति मिलाने की आवश्यकता होगी।
*स्थिति 2:* इस स्थिति में आठ माह गर्भ के पूर्ण कर चुकी गर्भवती गाय को 2.5 किलोग्राम दलहनी चारा, 6.5 किलोग्राम गैर दलहनी हरा चारा, 6 किलोग्राम भूसा और 2.25 किलोग्राम 16 प्रतिशत क्रूड प्रोटीन वाला रातिब मिश्रण प्रतिदिन देंगे। इस स्थिति में गाय के भरण पोषण का खर्च व अन्य खर्चे मिलाकर कुल खर्च रुपये 178 प्रतिदिन होगा।
*स्थिति 3:* इस स्थिति में आठ माह गर्भ के पूर्ण कर चुकी गर्भवती गाय को 6.5 किलोग्राम दलहनी हरा चारा, 6.5 किलोग्राम गैर दलहनी हरा चारा, 6 किलोग्राम भूसा और 1.25 किलोग्राम 16 प्रतिशत क्रूड प्रोटीन वाला रातिब मिश्रण और प्रतिदिन देने से भी सभी पोषण आवश्यकताएं पूरी हो जाएंगी और यह सबसे सस्ता भी होगा। इस स्थिति में गाय के भरण पोषण का खर्च व अन्य खर्चे मिलाकर कुल खर्च रुपये 165 प्रतिदिन होगा।
यही भरण पोषण तब तक जारी रखना है जब तक कि आपकी गाय बच्चा ना दे दे। इसके बाद फिर वही चक्र चालू होगा जो इस गाय का हुआ था। ब्याने के तुरंत बाद उसके दूध के उत्पादन के अनुसार भरण पोषण करते रहना होगा।
आज के लिए इतना ही। कल बात करेंगे दूध सुखाने की पूरी प्रक्रिया की। क्योंकि यही वह समय है जब आपकी गाय में मेस्टाइटिस होने के चांस बढ़ जाते हैं। यह ब्याने से पहले भी हो सकता है और ब्याने के तुरंत बाद में भी।
क्रमशः
*डॉ संजीव कुमार वर्मा*
*प्रधान वैज्ञानिक (पशु पोषण)*
*केंद्रीय गोवंश अनुसंधान संस्थान, मेरठ*


