अपनी दुधारू गाय खुद तैयार कीजिये-भाग 15

0
130

*अपनी दुधारू गाय खुद तैयार कीजिये – भाग 15*

अब आपकी गाय के गर्भकाल के आठ महीने पूरे हो चुके हैं। नौंवा महीना आरम्भ हो चुका है और यही वह समय है जब आपको अपनी गाय का दूध निकलना बन्द कर देना है। क्योंकि बच्चा देने से पहले उसको कम से कम चालीस दिन चाहिए अपने सिस्टम को टोन अप करने के लिए। इसके अलावा यही वह समय है जो निर्धारित करेगा कि आपकी गाय अगले दुग्धकाल में कितना दूध देगी और उसको मेस्टाइटिस होगा या नहीं! क्योंकि मेस्टाइटिस ब्याने से पहले भी हो सकता है और ब्याने के तुरंत बाद में भी।

आठ महीने आते आते आपकी गाय का दूध एक तिहाई रह जाएगा। अगर इसकी मात्रा अभी पांच किलोग्राम तक भी है तो भी कोई बात नहीं आप दूध का दुहान एकदम से बन्द कर दीजिये।

एक बार दुहान बन्द करने के बाद फिर दुहान नहीं करना है। दुहान बन्द होते ही थनों में किरेटिन का प्लग बन जाएगा और जो दूध अंदर है वह वापस सोख लिया जाएगा।

अब यह प्लग तभी हटेगा जब गाय बच्चा दे चुकी होगी। अगर यह प्लग ना बना या बच्चा देने से पहले हट गया तो गाय को मेस्टाइटिस होने के चांस बढ़ जाएंगे।

अगर दूध की मात्रा एक तिहाई ना पहुंची हो तो कल बताये पोषण प्लान को चालू करते ही दूध की मात्रा अपने आप घट जाएगी और आपको दूध सुखाने में कोई दिक्कत नहीं होगी।

दूध की मात्रा कम करने के लिए पानी पिलाना कम कर देना उचित नहीं है। इस अवस्था में गाय को पानी की कमी नहीं होनी चाहिए।

READ MORE :  गर्म मौसम में डेयरी पशु प्रबंधन

इस समय आपको एक काम और करना है… दूध निकालना बन्द करने के बाद गाय को किसी भी प्रकार का तनाव नहीं होना चाहिए। विशेषतया गर्मी का तनाव। अगर मौसम गर्म है तो आपको गाय को ठंडक प्रदान करने का प्रयास करना होगा। वह चाहे छाया करके, पंखे या स्प्रिंकलर लगाकर करना हो। अगर इस समय गाय हीट स्ट्रेस में रही तो उसके अयन के टिशूज का विकास भलीभांति नहीं होगा और आने वाले दुग्धकाल में वह ज्यादा दूध नहीं दे सकेगी।

इस समय अगर आपकी गाय अन्य गायों के साथ ही रहती है तो आपको उसे अन्य गायों की टक्कर से बचाकर रखना है। अगर झुंड में कोई भी पशु ऐसा है जो हमलावर है तो या तो उस पशु को अलग कर देना हैं या इस गर्भवती गाय को।

एक बात और इस समय गाय को अलग से कोई कैल्शियम या फॉस्फोरस नहीं देना है। जितना चारे और रातिब में मौजूद है वही पर्याप्त है। अगर इस समय ज्यादा कैल्शियम दिया तो बच्चा देने के बाद गाय को मिल्क फीवर होनी ही होना है।

नौ महीने नौ दिन पूरे होने के बाद गाय कभी भी बच्चा दे सकती है। आज के लिए बस इतना ही। कल बात करेंगे बच्चा देने के तुरंत बाद गाय के पोषण की…

क्रमशः

*डॉ संजीव कुमार वर्मा*
*प्रधान वैज्ञानिक (पशु पोषण)*
*केंद्रीय गोवंश अनुसंधान संस्थान, मेरठ*

Please follow and like us:
Follow by Email
Twitter

Visit Us
Follow Me
YOUTUBE

YOUTUBE
PINTEREST
LINKEDIN

Share
INSTAGRAM
SOCIALICON