फसल अवशेष जलाना: मानवता और पर्यावरण के लिए खतरा

0
651

फसल अवशेष जलाना: मानवता और पर्यावरण के लिए खतरा

के.एल. दहिया1, आदित्य2 एवं जे.एन. भाटिया3

1पशु चिकित्सक, राजकीय पशु हस्पताल, हमीदपुर (कुरूक्षेत्र), पशु पालन एवं डेरी विभाग, हरियाणा

2स्नातकोतर छात्र (पादप रोग), बागवानी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश)

3सेवानिवृत प्रधान वैज्ञानिक (पादप रोग), चौ. चरण सिंह एच.ए.यू., हिसार; कृषि विज्ञान केन्द्र, कुरूक्षेत्र, हरियाणा

चिंगारी जो भड़के हरियाणा, पंजाब, यूपी में, धुंआ उड़े राजधानी दिल्ली में।

लेकिन याद रहे! धुंआ कहीं भी उड़े, हर कहीं जिंदगी उजड़े।

भारत कृषि प्रधान देश है। लगभग 60 प्रतिशत जनसंख्या कृषि व कृषि आधारित व्यवसायों से आजीविका अर्जित करती है। कुल घरेलू उत्पाद में कृषि का योगदान लगभग 15 प्रतिशत है। एक वर्ष का सूखा या मौसम की विविधता सकल घरेलू व्यवसायों को बहुत अधिक प्रभावित करते हैं। इसका उदाहरण वर्ष 1987, 2002 व 2009 है जब कम वर्षा (दीर्घकालिक औसत वर्षा – Long period average rainfall) से देश का खाद्यान्न उत्पादन अधिक प्रभावित हुआ। वर्ष 2016 में वर्षा की यह औसत सामान्य से ऊपर रही जिसके कारण देश का खाद्यान्न उत्पादन वर्ष 2016-17 में रिकार्ड स्तर (275.68 मिलियन टन) का उत्पादन हुआ (TET 2018) जो 2015-16 की तुलना में 23.4 मिलियन टन अधिक है।

अधिक उत्पादकता वाले क्षेत्रों में फसल अवशेषों को जलाने की समस्या भी अधिक है। यही वह क्षेत्र हैं जिन पर देश की खाद्यान्न सुरक्षा निर्भर करती है। यदि इसी प्रकार फसल अवशेषों को जलाया जाता रहा तो देश की खाद्यान्न सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

कृषि अवशेषों को बायोमास भी कहा जाता है। एक किलोग्राम अनाज पैदा होने के साथ ही लगभग एक किलोग्राम से भी ज्यादा फसल अवशेष भी पैदा होते हैं (Dawson and Boopathy 2007)। भारत में वर्ष 2008-09 के दौरान 680 मीट्रीक टन फसल अवशेष उत्पन्न हुये थे जिस में से लगभग 15.9 प्रतिशत अवशेषों को खेतों में ही जला दिया गया था (Jain, Bhatia and Pathak 2014)। बायोमास दहन में फसल अवशेषों के साथ-साथ जंगल व खेतों में सूखे खरपतवार भी सम्मिलित होते हैं। विश्वभर में लगभग 10 करोड़ मीट्रीक टन बायोमास प्रति वर्ष जला दिया जाता है (Crutzen and Andreae 1990)।

फसल काटने के बाद खेत में बचे उनके अवशेषों को अनावश्यक सामग्री के रूप में देखा जाता है। फसल अवशेषों की इतनी बड़ी मात्रा का निपटान करना किसानों लिए एक बड़ी चुनौती है। अगली फसल की तैयारी करने के लिए फसल अवशेषों को बिना किसी अतिरिक्त खर्च के साफ करना किसानों के लिए एक चुनौतिपूर्ण कार्य है। इसलिए इससे निजात पाने के लिए किसान इनको खेतों में ही जला देते हैं। फसल अवशेषों को खेतों में ही जलाने से खेत बिना किसी अतिरिक्त खर्च के जल्दी साफ हो जाते हैं। खेतों में फसल अवशेषों को जलाना अकेले भारत की ही नहीं, यह विश्व व्यापी समस्या है, कोई भी देश इससे वंचित नहीं है। फसल अवशेषों के अलावा जंगलों में खरपतवारों से छुटकारा पाने के लिए भी आग लगा दी जाती है। वैश्विक आधार पर, जंगलों में लगी आग से उच्च कार्बन घनत्व के तत्वों का उत्सर्जन होता है जो वैश्विक तापमान वृद्धि का प्रमुख स्रोत है और फसल अवशेष जलाना दूसरा प्रमुख स्रोत है (Crutzen and Andreae 1990, Chang and Song 2010)।

फसल अवशेष उत्पादन

अनाज वर्गीय फसलों जैसे कि धान एवं गेहूँ से सबसे ज्यादा फसल अवशेष उत्पन्न होते हैं। विभिन्न फसलों, किस्मों, कटाई की विधि एवं पर्यायवरण के आधार पर प्रति टन धान उत्पादन से 1.33 -1.55 टन अवशेष पराली एवं भूसी के रूप में उत्पन्न होते हैं। इसी प्रकार 1.4 – 1.5 एवं 1.75 – 1.80 टन अवशेष क्रमशः प्रति टन गेहूँ एवं मक्का उत्पादन से होते हैं (Devi et al. 2017)। इस प्रकार एक एकड़ धान की फसल से 2.5 – 4.75 मीट्रिक टन तक फसल अवशेष उत्पन्न होते हैं इस प्रकार एक एकड़ गेहूँ की फसल से 1.25 से 2.25 टन तक फसल अवशेष उत्पन्न होते हैं (अमित कुमार एवं मुकेश कुमार 2018)।

मंत्रालय सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन कार्यालय, भारत सरकार के 2014-15 के आंकलन के अनुसार भारत में सबसे ज्यादा फसल अवशेष उत्पन्न करने वाले राज्यों में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पंजाब, कर्नाटक, राजस्थान, आन्ध्र प्रदेश (तेलंगाना सहित), हरियाणा, हैं जिनमें क्रमशः 109.2, 52.7, 45.0, 36.9, 36.6, 35.1, 32.1 एवं 25.4 मिलियन मीट्रिक टन फसल अवशेष प्रति वर्ष पैदा हुये (Devi et al. 2017)।

2014-15 के दौरान भारत के विभिन्न राज्यों में कुल फसल अवशेष उत्पादन (मिलियन मीट्रिक टन)
राज्य/ केंद्र शासित प्रदेश धान गेहूँ मोटे अनाज दालें तिलहनी फसलें गन्ना कपास जूट एवं मेस्टा कुल
आन्ध्र प्रदेश एवं तेलंगाना 13.5 0.0 8.1 1.8 1.3 5.2 2.2 0.02 32.1
आसाम 5.7 0.1 0.1 0.2 0.2 0.4 0.0 0.27 6.9
बिहार 7.5 5.0 3.8 0.7 0.1 5.5 0.0 0.5 23.1
छतीसगढ़ 7.0 0.2 0.5 1.0 0.2 0.0 0.0 0.0 8.9
गुजरात 1.9 4.0 2.6 0.9 4.3 5.5 3.6 0.0 22.9
हरियाणा 4.7 14.7 1.4 0.1 0.8 3.0 0.8 0.0 25.4
हिमाचल प्रदेश 0.1 0.9 1.4 0.1 0.0 0.0 0.0 0.0 2.5
जम्मू-कश्मीर 0.5 0.4 0.8 0.0 0.0 0.0 0.0 0.0 1.8
झारखण्ड 3.9 0.4 0.8 0.9 0.2 0.2 0.0 0.0 6.4
कर्नाटक 4.3 0.3 11.4 2.3 1.1 16.4 0.7 0.0 36.6
केरल 0.7 0.0 0.0 0.0 0.0 0.1 0.0 0.0 0.7
मध्य प्रदेश 4.2 17.6 5.1 7.3 8.4 1.8 0.6 0.0 45.0
महाराष्ट्र 3.4 1.5 7.6 2.7 3.1 32.1 2.3 0.0 52.7
उड़ीसा 9.7 0.0 0.4 0.7 0.2 0.3 0.1 0.02 11.4
पंजाब 13.0 19.6 0.9 0.1 0.1 2.8 0.5 0.0 36.9
राजस्थान 0.4 12.2 12.9 3.0 5.8 0.2 0.5 0.0 35.1
तमिलनाडू 6.8 0.0 5.1 1.0 1.0 9.6 0.3 0.0 23.8
उत्तर प्रदेश 14.3 31.3 6.1 2.2 0.9 54.4 0.0 0.0 109.2
उत्तराख.ड 0.7 0.8 0.5 0.1 0.0 2.4 0.0 0.0 4.6
पश्चिमी बंगाल 17.2 1.2 1.1 0.3 1.0 0.8 0.0 3.0 24.6
अन्य 3.0 0.1 0.8 1.3 0.2 0.4 0.0 0.03 5.8
कुल 122.5 110.3 71.4 26.7 28.9 141.1 11.6 3.84 516.4
प्रतिशत उत्पादन 23.72 21.35 13.82 5.17 5.59 27.32 2.24 0.74 100.00
स्त्रोत: मंत्रालय सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन कार्यालय, भारत सरकार (Devi et al. 2017)

भारत में प्रतिवर्ष 500 – 550 मिलियन मीट्रिक टन फसल अवशेष उत्पन्न होते हैं (Devi et al. 2017) जिस में से लगभग 15.9 प्रतिशत अवशेषों को खेतों में ही जला दिये जाते हैं (Jain, Bhatia and Pathak 2014)। धान, गेहूँ व गन्ना से क्रमशः लगभग 23.72, 21.35 व 27.32 प्रतिशत फसल अवशेष उत्पादित होते हैं (Devi et al. 2017)। बायोमास दहन में फसल अवशेषों के साथ-साथ जंगल व खेतों में सूखे खरपतवार भी सम्मिलित होते हैं। एक आंकलन के अनुसार भारत में प्राप्त अवशेषों की मात्रा इस प्रकार है:

फसल अवशेष मात्रा (मिलियन टन)
फसलों से प्राप्त अवशेष 500 – 550
बागवानी व सब्जियों से प्राप्त 268
सड़क किनारे वानिकी से प्राप्त 204
कुल अवशेष 1151

पराली जलाने वालों में सबसे आगे उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और पश्चिम बंगाल हैं। उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में कुल पराली का एक-तिहाई खेतों में ही जला दिया जाता है। हरियाणा में लगभग 254 मीट्रिक लाख टन फसल अवशेष उत्पन्न होते हैं (Devi et al. 2017) जिस में से लगभग 112 मीट्रिक लाख टन खेतों में ही जला दिया जाता है (अमित कुमार एवं मुकेश कुमार 2018)।

फसल अवशेषों में विद्यमान पोषक तत्व

फसल लेने के बाद देश में प्राप्त अवशेष प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं। इन अवशेषों में पोषक तत्व भी काफी मात्रा में विद्यमान रहते हैं। यदि इन अवशेषों का समुचित प्रयोग किया जाए और वापिस जमीन में मिला दिया जाए तो भूमि की उर्वरा शक्ति में काफी हद तक इजाफा किया जा सकता है।

विभिन्न फसल अवशेषों में विद्यमान पोषक तत्वों की मात्रा (प्रतिशत)
फसल अवशेष नाइट्रोजन फास्फोरस पोटाश
गेहूँ का भूसा 0.53 0.10 1.10
धान का पुआल 0.36 0.10 1.70
जौं का भूसा 0.57 0.26 1.20
गन्ने की पत्तियां 0.35 0.10 0.60
गन्ने की खोई 2.25 1.12
राई (सरसों का तना) 0.57 0.2 1.40
आलू 0.52 0.09 1.85
मूंगफली का छिलका 0.70 0.48 1.40
मक्का की कड़बी 0.47 0.50 1.65
बाजरे की कडबी 0.65 0.7 1.50
मटर की सूखी पतियां 0.35 0.12 1.36
स्त्रोत: सूरजभान एवं अन्य 2013

फसल अवशेष क्यों जलाये जाते हैं

फसल अवशेषों को हर रोज जलाया जा रहा है लेकिन वर्ष में दो बार, रब एवं खरीफ की फसल कटाई के बाद यह मुख्य रूप से देखने को मिलता है। दिन हो या रात फसल कटाई के बाद, बचे हुए अवशेषों में आग लगाना सामान्य घटना है। ऐसा नहीं कहा जा सकता है कि सभी किसान फसल अवशेषों को जलाने से होने वाले नुकसान से अनभिज्ञ हैं लेकिन अगली फसल की बिजाई से पूर्व इनको खेत से हटाना भी आवश्यक होता है ताकि वह अगली फसल की बिजाई समय पर कर सके। खेत इन अवशेषों को हटाना एक चुनौतिपूर्ण कार्य है लेकिन इनको जला कर किसान इस चुनौति को आसानी से दूर कर लेते हैं। यह भी विधित होना चाहिए कि कोई किसान भी फसल अवशेषों को अपने खेत या खेत से बाहर भी जलाना नहीं चाहते हैं लेकिन खेत को खाली करना भी किसानों की मजबूरी है।

हालांकि, किसानों को उचित फसल अवशेष प्रबंधन के माध्यम से नहीं जलाने के लिए जागरूक किया जाता रहा है और बहुत से किसान फसल अवशेष ना जलाने से सहमत भी हैं। लेकिन फसल कटाई के बाद अवशेषों को खेत से बाहर करने के लिए उनको अतिरिक्त धन खर्च करना पड़ता है और समय पर कोई ठोस हल ना होने के कारण अंततः उनको फसल अवशेष जलाना ही पड़ता है।

फसल अवशेषों के जलाने के नुकसान

खेतों से फसल काटने के बाद गर्मी-सर्दी सभी मौसमों में आग की घटनाएं देखी जा सकती है। लेकिन ग्रीष्म काल में खेतों व जंगलों में आग लगने-लगाने की घटनाएं कुछ ज्यादा ही देखने को मिलती हैं। फसल अवशेषों को जलाने से भूमि के साथ-साथ आम जन-जीवन पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। फसल अवशेषों के जलाने के निम्नलिखित नुकसान हैं:

  1. वायुमंडलीय रसायन शास्त्र और जलवायु: बायोमास के रूप में फसल अवशेषों के जलने से घातक रासायनिक एवं विकिरणीय गैसें और एयरोसोल होते हैं जो वैश्विक वायुमण्डलीय रासायानिक घटकों में गड़बड़ी उत्पन्न करते हैं (Crutzen and Andreae 1990)। किसी भी प्रकार का बायोमास जलना, कार्बनयुक्त एयरोसोल उत्पत्ति का महत्त्वपूर्ण स्त्रोत है जो वायुमंडलीय रसायन शास्त्र, वायु गुणवत्ता, पारिस्थितिक तंत्र, और मानव स्वास्थ्य में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है (Kaskaoutis et al. 2014)। एयरोसोल सूचकांक अनुपात (Aerosol Index gradient) एवं नाइट्रोजन डाइऑक्ससाइड (Nitrogen dioxide) की सांद्रता मापने वाले उपकारण फसल अवशेष जलने से धुएं से उत्पन्न एयरोसोल के प्रभुत्व के संकेत को दर्शाते हैं। इन उपकारणों के उपयोग से पता चलता है कि धुएं से उत्पन्न एयरोसोल बहुत ही छोटे कणों में परिवर्तित होते हैं जो वातावरण ज्यादा जगह में फैल जाते हैं और वातावरण को प्रभावित करते हैं (Kaskaoutis et al. 2014)। बायोमास के जलने से कार्बन मोनोऑक्ससाइड एवं मिथेन गैसें हाइड्रोक्साइल रेडिकल के साथ प्रतिक्रिया करके वातावरण की ऑक्सीकरण क्षमता को प्रभवित करती हैं जिससे नाइट्रिक ऑक्ससाइड एवं हाइड्रोकार्बन के बनने से उष्णकटीबन्धिय क्षेत्रों में सूखे के समय ओजोन गैस की सघनता को बढ़ाते हैं (Crutzen and Andreae 1990)।
  2. घातक तत्वों का उत्सर्जन: फसल अवशेष/बायोमास जलाने से हानिकारक गैसों का वायुमंडल में उत्सर्जन होता है। इनमें सबसे अधिक उत्सर्जन होने वाली गैस कार्बनडाई आक्साईड है। एक टन (10 क्विंटल) कचरा जलने से निम्नलिखित घातक तत्वों का उत्सर्जन इस प्रकार हैं:
उत्सर्जित गैस/तत्व मात्रा (किलोग्राम)
कार्बनडाइक्साइड* 1460.0
नाइट्रस आक्साईड 3.83
मिथेन 2.70
सल्फर डाइआक्साइड* 2.0
कार्बनमोनो आक्साइड* 60.0
धूल के कण* 3.0
*अमित कुमार एवं मुकेश कुमार 2018
  1. बादल सघनन नाभिकरण (Cloud condensation nuclei): बड़ी मात्रा में धुएं के कण भी उत्पादित होते हैं जो वायुमण्डल में मौजूद बादलों में संघनन नाभिक के रूप में काम करते हैं। ये कण इस प्रकार बादलों के सूक्ष्मपर्यायवरण एवं उनके प्रकाशीय गुणों को प्रभावित करते हैं जिससे उष्णकटीबंधीय क्षेत्रों में निर्धारित विकिरण लक्ष्य (Radiation budget) एवं जलविद्युक चक्र भी प्रभावित होता है (Crutzen and Andreae 1990)।
  2. वायु प्रदूषण (Air pollution): फसल अवशेष/ बायोमास के जलने से घना धुंआ निकलता है जो आसमान में बादलनुमा बनकर वायु प्रदूषण उत्पन्न करते हैं। अधिक मात्रा में बना बादलनुमा धुंआ आसमपास के दूसरे राज्यों में फैलकर वायु प्रदूषण के स्तर को बढ़ा देता है जिससे उन राज्यों में भी इसके प्रतिकूल प्रभाव देखने को मिलते हैं। अवशेष जलाने की अधिक समस्या विशेषकर उन क्षेत्रों में अधिक है जहां धान और गेहूँ की फसल ली जाती है। कम्बाईन मशीन से फसल की कटाई करने के बाद फानों में आग लगा दी जाती है।
  3. वैश्विक तापमान वृद्धि: फसल अवशेषों/बायोमास को जलाया जाना एक वैश्विक समस्या है जिससे वातावरण को लगातार खतरा बढ़ता जा रहा है। इसके जलाने से वातावरण में ग्रीम हाउस गैसें (Green house gases) जैसे कि कार्बन-डाईऑक्साइड, कार्बन-मोनो-ऑक्साइड, मिथेन, नाईट्रस ऑक्साइड, फ्लोरीनेट्ड गैसें (हाइड्रोफ्लोराकार्बन, परफ्लोरोकार्बन, सल्फर हेक्जाफ्लोराइड एवं नाइट्रोजन ट्राइफ्लोराइड आदि) उत्पन्न होती हैं। इन गैसों में सबसे अधिक उत्सर्जन कार्बन डाईक्साईड का होता है। यह अकेली गैस भूमण्डलीय तापमान बढ़ाने में 63 प्रतिशत योगदान करती है। इन गैसों का भूमण्डलीय स्तर पिछले काफी वर्षों से लगातार बढ़ रहा है जिससे पिछले 100 वर्षों में धरती की सतह पर 74 सैल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। संभावना है कि सन् 2100 तक इस तापमान में 1.8 से 4.0 सैल्सियस की वृद्धि हो जाएगी जो मानवता के लिए खतरनाक हो सकता है। पृथ्वी पर ग्रीन हाऊस गैसों के स्तर में बढ़ोतरी का आंकलन इस प्रकार है:
गैस औद्योगिक क्रांति (सन् 1750) से पूर्व वर्तमान स्तर सन 1750 के बाद की वृद्धि
कार्बनडाईक्साईड (पी.पी.एम) 280 384 104
मिथेन (पी.पी.बी.) 700 1745 1045
नाईट्रस आक्साईड (पी.पी.बी.) 270 314 44
सी.एफ.सी-12 (पी.पी.टी.) 533 533

इन गैसों के लगातार बढ़ते उत्पादन से सूर्य की विकिरणों से हमें बचाने वाली ऑजोन परत को लगातार खतरा बढ़ता जा रहा है। ऑजोन परत को नुकसान होने से वैश्विक तापमान वृद्धि हो रही है जिस कारण वातावरण में बदलाव के कारण असमय ही मौसम में परिवर्तन से प्राकृतिक आपदाएं बढ़ रही हैं। पिछले 134 वर्षों आंकलन में जो 10 वर्ष सबसे गर्म रहे हैं उनमें से 9 वर्ष 21वीं शताब्दी के पहले 14 वर्षों में से हैं।

  1. बढ़ता सामुद्रिक जल स्तर: भूमण्डलीय तापमान के बढ़ने का एक अन्य खतरा यह है कि इससे पहाड़ों के ऊपर की बर्फ पिघलेगी जिस कारण समुद्र के पानी का स्तर भी ऊपर आएगा। पिछले 110 वर्षों (1901-2010) में समुद्र तल का स्तर 19 मीटर बढ़ा है और संभावना है कि इस शताब्दी के अन्त तक यह जल स्तर 28-43 सेंटीमीटर बढ़ जाएगा। ऐसा होने से भारत के तटीय क्षेत्र, बाग्लादेश, जापान आदि देशों का कुछ हिस्सा जलमग्न हो सकता है।
  2. पर्यावरण को क्षति: खेत में फसलोपरान्त फसल अवशेष जलाने से कार्बन डाई ऑक्साइड, कार्बन मोनो ऑक्साइड, मिथेन, सल्फर डाइ ऑक्साइड आदि तहरीली गैसें एवं कार्बन इत्यादि के सूक्ष्म कण हवा में मिल जाते हैं, जिस से वायु प्रदूषण और भूमि का तापमान बढ़ता है। इसके कारण मौसम में बदलाव से वर्षा में कमी आ सकती है, जिससे फसल पैदावार में कमी हो जाएगी (यादव 2010)।
  3. फसल पैदावार पर प्रतिकूल प्रभाव: एक आंकलन में पाया गया है कि गेहूँ में फूल व दाने बनने के समय यदि 0 डिग्री सैल्सियस तापमान में वृद्धि होती है तो देश में गेहूँ की पैदावार 4.5 मिलियन टन तक कम हो सकती है। विश्व स्तर पर आंकलन किया गया है कि जलवायु परिवर्तन से फसलों की पैदावार में 16 प्रतिशत तक गिरावट आ सकती है। इस गिरावट का स्तर एशिया में 19 प्रतिशत, अफ्रीका में 28 प्रतिशत, अविकसित देशों में 26 प्रतिशत एवं विकसित देशों में 6 प्रतिशत तक हो सकता है।
  4. मृदा में उपस्थित पोषक तत्वों की कमी: अनाज वाली फसलें अपनी बढ़वार के दौरान भूमि से जो पोषक तत्व ग्रहण करती है उसका 25 प्रतिशत नाइट्रोजन एवं फास्फोरस, 50 प्रतिशत सल्फर और 75 प्रतिषत पोटाशियम फसल के अवशेषों जैसे कि भूसा, पुआल आदि में मौजूद होता है (यादव 2010)। फसल अवशेषों को जलाने के कारण मृदा में उपस्थित मुख्य पोषक तत्व कार्बन, नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश एवं अन्य तत्वों की उपलब्धता में कमी आती है। फसल अवशेषों के जलाने से उत्पन्न उष्मा से भूमि का तापमान 8 – 42.2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ जाता है जिससे कार्बन तत्व जलने के साथ-साथ 27 – 73 प्रतिशत नाइट्रोजन का नुकसान होता है (Hobbs and Morris 1996)। फसल अवशेष जलाने से 25 प्रतिशत फास्फोरस और 21 प्रतिशत पोटाशियम का नुकसान होता है। जलने के बाद केवल सिलिका ही बचता है जो आग में तपने के बाद अघुलनशील हो जाता है।

फसल अवशेष जलाने से उनमें विद्यमान पौषक तत्व तो जलते ही हैं साथ ही भूमि में विद्यमान पौषक तत्व भी जलने के साथ-साथ नष्ट हो जाते हैं एवं भूमि की उर्वरा शक्ति का ह्रास होता है। एक टन गेहूँ एवं धान के अवशेष जलाने से उपलब्ध पोषक तत्वों के नुकसान का आंकलन इस प्रकार है (अमित कुमार एवं मुकेश कुमार 2018):

तत्व एक टन फसल अवशेष जलाने से पोषक तत्वों को नुकसान (किलोग्राम में)
गेहूँ धान
नाईट्रोजन 4.0 -5.0 5.0 – 8.0
फास्फोरस 0.7 – 0.9 0.7 – 1.2
पोटाश 9.0 – 11.0 12 – 17
सल्फर 1.3 0.5 – 1.0
कैल्शियम 1.8 3.0 – 4.0
मैग्निशियम 0.8 1.0 – 3.0

उपरोक्त तत्वों के अलावा अन्य पोषक तत्व भी आग भेंट चढ़ जाते हैं जिनका खामियाजा किसान के साथ-साथ आमजन को भी भुगतना पड़ता है।

  1. मृदा के भौतिक गुणों पर प्रभाव: फसल अवशेषों को जलाने के कारण मृदा तापमान में वृद्धि होती है। जिसके फसलस्वरूप मृदा की ऊपरी सतह सख्त हो जाती है एवं मृदा की सघनता में वृद्धि होती है जिससे आगे चलकर बंजर होने का खतरा बढ़ जाता है।
  2. बढ़ती पी.एच.: फसल अवशेषों के जलाने से मृदा में उपलब्ध तत्व जैसे कि फास्फोरस, पोटाश आदि अघुलनशील हो जाते हैं जिससे भूमि की पी.एच. बढ़ जाने से उसकी उर्वरा शक्ति का ह्रास होता है।
  3. मृदा श्वसन तन्त्र पर प्रतिकूल प्रभाव: फसल अवशेषों के जलाने से उत्पन्न उष्मा से भूमि का तापमान 8 – 42.2 डीग्री सेल्सियस तक बढ़ जाने से मृदा की ऊपरी सतह सख्त हो जाती है जिससे मृदा की श्वसन प्रक्रिया कम (Hobbs and Morris 1996) होने से उसकी उर्वरा शक्ति का ह्रास होता है।
  4. भू-जल पुनर्भरण: फसल अवशेष जलने से मृदा का तापमान बढ़ता है जिससे भूमि की जल स्थिरीकरण की शक्ति कम होती है व साथ ही भूमिगत केंचुए जो भूमि में गहराई तक अन्नत छेद करते है, भी मर जाते हैं जिससे भूमि की जल पुनर्भरण शक्ति कम होने से भूमिगत जल में कमी होती है (Wuest et al. 2005)।
  5. कीटों पर प्रतिकूल प्रभाव: खेत में ऐसे बहुत से कीट-पतंगे, प्राणी, जीवाणु, फफूंद होते हैं जो फसल के लिए बहुत उपयोगी होते हैं। यह सभी किसान के मित्र प्राणी कहे जाते हैं (यादव 2010)। खेतों में फसल अवशेषों के जलाने से खेत की 0 ईंच की गहराई तक पाए जाने वाले न केवल शत्रु जीव बल्कि मित्र सूक्ष्म जीव जैसे कि जीवाणु, कवक, केंचुए, शैवाल आदि भी नष्ट हो जाते हैं जिससे फसल उत्पादकता में बाधा उत्पन्न हो जाती है। यह भी देखने में आ रहा है कि फसल में शत्रु-मित्र कीटों के अनुपात के डगमगाने से शत्रु कीटों की संख्या में बढ़ौतरी होने के साथ-साथ उनमें कीटनाशक दवाईओं के प्रति प्रतिरोध भी बढ़ रहा है।
  6. भू-सूक्ष्म पर्यायवरण पर प्रतिकूल प्रभाव: भूमि में आवश्यक सूक्ष्मजीव होते हैं जो उसकी उर्वरा शक्ति को बनाए रखने में सहायक होते हैं। फसल अवशेषों को जलाने से खेत की मिट्टी का दहन होने से ये सूक्ष्मजीव नष्ट हो जाते हैं जिससे भूमि की उर्वरा शक्ति का भी ह्रास होता है व उपज की पैदावार कम होती है। पैदावार बढ़ाने के लिए इन सूक्ष्मजीवों की भरपाई बाजार में उपलब्ध पूरक जीवाणुओं को खरीदकर खेत में डालने से ही पूरी की जाती है। अतः कहा जा सकता है कि खेतों में आग लगाने से फसल उत्पादन लागत बढ़ती है जिसको नियन्त्रित करने के लिए यह आवश्यक है कि फसल अवशेषों को न जलाया जाए।
  7. प्राकृतिक भू-जैव-रासायनिक चक्र (Biogeochemical cycles): फसल के लिए महत्त्वपूर्ण विभिन्न प्राकृतिक चक्र जैसे कि कार्बन चक्र, नाइट्रोजन चक्र, फास्फोरस चक्र आदि भूमि में मौजूद सूक्ष्म जीवों पर निर्भर होते हैं। व्यापक स्तर पर बायोमास जलाने से सूक्ष्म जीवों के नष्ट हो जाने के कारण इन प्राकृतिक चक्रों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है (अमित कुमार एवं मुकेश कुमार 2018)। बायोमास ईंधन के जलाने से लगभग 50 प्रतिशत नाइट्रोजन आण्विक नाइट्रोजन में परिवर्तित हो जाती है। विश्वभर में उष्णकटिबंधीय पारिस्थितिक तन्त्र में बायोमास के जलाने से प्रतिवर्ष लगभग एक लाख मीट्रिक टन नाइट्रोजन का नुकसान होता है (Crutzen and Andreae 1990)।
  8. कम होता खरपतवारनाशक दवाओं का असर: फसल अवशेषों को खेतों में जलाने से उत्पन्न राख खरपतवारनाशक दवाओं को सोख लेती है जिससे उनकी दक्षता कम हो जाती है एवं खरपतवारों का उचित नियन्त्रण न होने के कारण फसल उपज कम हो जाती है (अमित कुमार एवं मुकेश कुमार 2018)।
  9. आग का विकराल रूप: कई बार खेतों में लगाई गई आग शुष्क मौसम, तेज हवाओं व आसपास खड़ी तैयार फसलों में भी अचानक आग लगने के कारण कई बार विकराल रूप धारण कर लेती है जिससे कई बार अमूल्य संपति, पशुधन, फसल व मनुष्यों को भी जान-माल का नुकसान उठाना पड़ता है।
  10. मानवीय स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव: फसल फसल अवशेष जलाना एक गंभीर पर्यावरणीय स्वास्थ्य खतरा है। जलते हुए बायोमास से उत्पन्न धुएं के फेफड़ों में जाने से सांस लेने में परेशानी होती है। बच्चे वायु प्रदूषण के प्रति अधिक संवेदनशील हैं। फुफ्फुसीय क्रिया परीक्षणों (Pulmonary function tests) से पता चलता फसल अवशेषों के जलाने से उत्पन्न धुंए से बच्चों में अपर्याप्य प्रभाव होते हैं (Awasthi et al. 2010)। फसल अवशेषों के जलाने से उत्पन्न कणों का परिमाप 10 माइक्रोन से भी कम होता है, जो फेफड़ों में अधिक गहराई तक जाते हैं जिससे स्वास्थ्य पर गहरा प्रतिकूल प्रभाव होता है। इन कणों के शरीर में प्रवेशोपरान्त फेफड़ों एवं हृदय रोग जैसी घातक समस्याएं होती हैं। जलते हुए बायोमास से पैदा हुए धुएं से गले में जलन होती है जिससे स्वरयन्त्रशोथ (Laryngitis), ग्रसनीशोथ (Pharyngitis) एवं श्वसनीशोथ (Tracheitis) इत्यादि अस्थायी रोग हो जाते हैं। धुएं से नासिका में नासिका प्रदाह (Rhinitis) होने से नासिका से स्त्राव बहने लगता है। दमा एवं अस्थमा के रोगियों के लिए किसी भी प्रकार के बायोमास से उत्पन्न धुआं बहुत ज्यादा प्रतिकूल प्रभाव डालता है। आँखें में धुएं से नेत्रश्लेष्मलाशोथ (Conjunctivitis) होने से पानी आंसू बहने लगते हैं जिससे कुछ समय के लिए अस्थायी आन्ध्रता उत्पन्न हो जाती है। धुएं के त्वचा पर चिपकने से जलन (Dermatitis) होने लगती है।
  11. सड़क दुर्घटनाएं: सड़क किनारें खेतों में फसल अवशेषों के जलाने से उत्पन्न धुआं दृश्यता को कम करता है जिससे सड़क दुर्घटना होने की संभावानाएं बढ़ जाती हैं। तेज रफ्तार राष्ट्रीय राज मार्गों पर इसका सबसे ज्यादा प्रतिकूल प्रभाव हो सकता है। राज मार्ग पर धुएं के कारण कम हुई दृश्यता के कारण अचानक ब्रेक लगाने से गाड़ी की गति अचानक धीमी हो जाती है और उसके पीछे आ रहे तेज गति या सामने से आने वाले वाहन उससे टकरा सकते हैं और घातक सड़क दुर्घटना होने की संभावना हो जाती है।
  12. पशुओं के लिए चारे की कमी: विश्व के पशुओं की कुल का आबादी का 6 प्रतिशत भारत में ही है जो भारत के सकल घरेलु उत्पादन में 4.1 प्रतिशत की भागीदारी करता है (Islam et al. 2016, Dinani et al. 2018)। 2015 – 16 के आंकलन के अनुसार फसल का कुल 28.7 प्रतिशत सकल घरेलु उत्पादन है, इस कुल सकल घरेलु उत्पादन का 18.1 प्रतिशत पशुधन से अर्जित हुआ (Dinani et al. 2018)। भारत का भूगोलिक क्षेत्र 24 प्रतिशत है जबकि कुल चारा के अधीन क्षेत्र 4.8 प्रतिशत ही है। हरे चारे के साथ-साथ सूखा चारा पशुओं के आहार का मुख्य अंश है जो अकाल या चारे की कमी के समय सूखा चारा उनके भरण-पोषण में मुख्य भूमिका निभाता है। सूखा चारा एक पूरक आहार के रूप में उपयोग किया जाता है। सूखा चारा रेशे वाले तन्तुओं से भरपूर होता है जो पशुओं की पाचन शक्ति बनाए रखने के लिए आवश्यक होता है। फसल अवशेषों को पशुओं के लिए सूखे चारे के रूप में प्रयोग किया जाता है अतः फसल अवशेषों को जलाने से पशुओं को चारे की कमी का सामना करना पड़ता है। सूखे चारे के रूप में आमतौर पर गेहँ की तूड़ी, धान की पराली, मक्का की कड़बी या अन्य फसलीय अवशेषों को प्रयोग में लाया जाता है।
  13. आर्थिक हानि: फसल अवशेषों के जलाने से विभिन्न प्रकार के नुकसान होने के साथ-साथ बहुत अधिक मात्रा में आर्थिक हानि भी होती है। अर्ध-शुष्क उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों के लिए अंतर्राष्ट्रीय फसल अनुसंधान संस्थान, हैदराबाद के अनुसार पंजाब में फसल अवशेषों के जलने से किसानों को प्रतिवर्ष लगभग 18 मिलियन अमरीकी डालर के बराबर यूरिया का एवं 30-35 मिलियन अमरीकी डालर के बराबर सभी पोषक तत्वों का नुकसान होता है (Kang 2018)।

पर्यावरण हितैषी कानून

फसल विश्वविद्यालय, पर्यावरण प्रेमी, स्वयं सेवी संस्थाओं, फसल विभाग व अन्य संस्थाओं द्वारा बार-बार समझाए जाने के पश्चात भी किसान भाई इस आदत को छोड़ते नजर नहीं आते। जबकि भारत सरकार ने फसल विभाग की अनुशंसा पर ‘‘भारतीय 905 प्रक्रिया नियमावली 1976 की धारा 144 के तहत इस पर प्रतिबंध लगाया है। आदेशों की अवेहलना में यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188 संगठित वायु एवं प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम 1981 के तहत दण्ड का भागी होता है। विभिन्न राज्यों ने भी इसके लिए दण्ड का प्रावधान किया है।

सारांश – भविष्य की आवश्यकता

संयुक्त राष्ट्र (UN DESA 2019) के अनुसार, इस समय भारत में 1.37 बिलियन मानवीय आबादी है और एक अनुमान यह है कि यह 2030 तक यह आबादी 1.51 बिलियन हो सकती है (TOI 2017)। अतः बढ़ती आबादी की खाद्य आपूर्ति के लिए कृषि उत्पादन भी बढ़ाना होगा जिसके साथ-साथ फसल अवशेषों की मात्रा भी बढ़ेगी। और यदि इसी तरह से विश्वभर में फसल अवशेष जलते रहे तो वैश्विक तापमान वृद्धि होने से उसके परिणाम भी मानवता को भुगतने पड़ेंगे। अतः कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जित करने वाले उद्योगों की गति में अत्याधिक कमी करने के साथ-साथ कृषि को उत्सर्जन के स्रोत से कार्बन के भंडार में बदलने की आवश्यकता है, और अभी से गंभीरतापूर्वक अपनी भूमाता और प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र जो हमारे उत्सर्जन का आधा हिस्सा अवशोषित करते हैं, की रक्षा करनी ही चाहिए।

अच्छी खबर यह है, हम ऐसा कर सकते हैं। हमारे पास ज्ञान है। हमारे पास तकनीक है। हम जानते हैं कि यह सामाजिक और आर्थिक समझ में भी आता है। और जब हम सफल होंगे, हम सभी ताजी हवा को फेफड़ों को ले सकेंगे। हम स्वस्थ जीवन शैली और रहने योग्य शहरों में लचीला अर्थव्यवस्थाओं को नमस्ते कह रहे होंगे। हम सभी पृथ्वीवासी सूर्य के चारों ओर एक साथ इस यात्रा पर हैं। यह हमारा एकमात्र घर है। यह हमारा मिशन है और हम आने वाली पीढ़ीयों की रक्षा करेंगे।

अपनी खेती, स्वास्थ्य एवं पर्यायवरण के हम खुद ही क्यों बन रहे हैं दुश्मन।

फसल अवशेषों को जलाओ नहीं, बल्कि इनसे कुछ तो कमाओ धन।।

 

जला कर करो न पर्यायवरण को प्रदूषित, करो इनका उपयोग भूमाता के श्रृंगार में।।

कुछ तो कर दो भूमि माता को वापिस काष्ठाच्छादन के रूप में।।।

 

आग लगाकर अपने खेतों में, जो कचरा नहीं जलाते हैं।

मित्र कीट प्रदूषण बचाकर, वे चतुर किसान कहलाते हैं।।

संदर्भ

  1. Awasthi A., et al., 2010, “Effects of agriculture crop residue burning on children and young on PFTs in North West India,” Science of the total environment; 408(20): 4440-4445. [Web Reference]
  2. Chang D. and Song Y., 2010, “Estimates of biomass burning emissions in tropical Asia based on satellite-derived data,” Atmospheric Chemistry and Physics; 10(5): 2335-2351. [Web Reference]
  3. Crutzen P.J. and Andreae M.O., 1990, “Biomass burning in the tropics: Impact on atmospheric chemistry and biogeochemical cycles,” Science; 250(4988): 1669-1678. [Web Reference]
  4. Dawson L. and Boopathy R., 2007, “Use of post-harvest sugarcane residue for ethanol production,” Bioresource technology; 98(9): 1695-1699. [Web Reference]
  5. Devi S., et al., 2017, “Crop residue recycling for economic and environmental sustainability: The case of India,” Open Agriculture; 2(1): 486-494. [Web Reference]
  6. Dinani, O. P., et al., 2018, “ROLE OF LIVESTOCK IN DOUBLING THE FARMERS INCOME–NATIONAL PERSPECTIVE AND THE WAY FORWARD,” International Journal of Science, Environment and Technology; 7(2) : 496 – 504. [Web Reference]
  7. Hobbs P.R. and Morris M.L., 1996, “Meeting South Asia’s future food requirements from rice-wheat cropping systems: priority issues facing researchers in the post-Green Revolution era,” NRG Paper 96-01. Mexico, D.F.: CIMMYT. [Web Reference]
  8. Islam M.M., et al., 2016, “Scenario of livestock and poultry in india and their contribution to national economy,” International Journal of Science, Environment and Technology; 5(3): 956-65. [Web Reference]
  9. Jain N., Bhatia A. and Pathak H., 2014, “Emission of air pollutants from crop residue burning in India,” Aerosol and Air Quality Research; 14(1): 422-430. [Web Reference]
  10. Kang M.S., 2018, “Plough stubble back into soil,” The Tribune, Chandigarh, 15 May 2018. page: 9.
  11. Kaskaoutis D.G., et al., 2014, “Effects of crop residue burning on aerosol properties, plume characteristics, and long‐range transport over northern India,” Journal of Geophysical Research: Atmospheres; 119(9): 5424-5444. [Web Reference]
  12. TET, 2017, Government revises up 2016-17 grain output to record 275.68 million ton. The Economic Times dated Aug 16, 2017. [Web Reference]
  13. 2017. By 2030, world will have 8.6 billion people, 1.5 billion of them in India. The Times of India. June 23, 2017. Assessed on June 29, 2020. [Web Reference]
  14. UN DESA. 2019. World Population Prospect 2019: release note about major differences in total population estimates for mid-2019 between 2017 and 2019 revisions. United Nations Department of Economic and Social Affairs. P. 5. [Web Reference]
  15. Wuest S.B., et al., 2005, “Organic matter addition, N, and residue burning effects on infiltration, biological, and physical properties of an intensively tilled silt-loam soil,” Soil and Tillage Research; 84(2): 154-167. [Web Reference]
  16. अमित कुमार एवं मुकेश कुमार, 2018, “फसल अवशेषों का प्रबन्धन,” माडर्न खेती, 16(6): 48 – 49.
  17. यादव ए.के., 2010, “गेहूँ के फानों को खेत में जलाना है हानिकारक,” फसल संवाद; मार्च 2010 : 7. [Web Reference]
  18. सूरजभान फोगाट, नरेश सांगवान एवं यशपाल सिंह सोलंकी, 2013, “फसल अवशेषों के प्रबंधन से मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाएं,” हरियाणा खेती; 46(5) 23-24.

 

 

Please follow and like us:
Follow by Email
Twitter

Visit Us
Follow Me
YOUTUBE

YOUTUBE
PINTEREST
LINKEDIN

Share
INSTAGRAM
SOCIALICON
READ MORE :  AN OPEN LETTER TO PMO, INDIA BY POULTRY FARMER'S OF INDIA