बरसीम की खेती करने का तरीका, महत्ता एवं उपयोग

0
1136

बरसीम की खेती करने का तरीका, महत्ता एवं उपयोग

डॉ जितेंद्र सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी, कानपुर देहात ,उत्तर प्रदेश

पशुओं के लिए बरसीम बहुत ही लोकप्रिय चारा है, क्यूंकि यह अत्यन्त पौष्टिक एवं स्वादिष्ट होता है| इसके अतिरिक्त यह लवणीय एवं क्षारीय भूमि को सुधारने के साथ-साथ भूमि की उर्वरा शक्ति में भी वृद्धि करती है| यह वर्ष के पूरे शीतकालीन समय में और गर्मी के आरम्भ तक हरा चारा उपलब्ध करवाती है| पशुपालन व्यवसाय में पशुओं से अधिक दुग्ध उत्पादन लेने के लिए हरे चारे का विशेष महत्व है| पशुओं के आहार पर लगभग 70 प्रतिशत व्यय होता है और हरा चारा उगाकर इस व्यय को कम करके अधिक लाभ अर्जित किया जा सकता है|

उपयोगिता-

बरसीम सर्दी के मौसम में पौष्टिक चारे का एक उत्तम स्त्रोत है| इसमें रेशे की मात्रा कम और प्रोटीन की औसत मात्रा 20 से 22 प्रतिशत होती है| इसके चारे की पाचनशीलता 70 से 75 प्रतिशत होती है| इसके अतिरिक्त इसमें कैल्शियम और फॉस्फोरस भी काफी मात्रा में पाये जाते है, जिसके कारण दुधारू पशुओं को अलग से खली-दाना आदि देने की आवश्यकता कम पड़ती है|

उपयुक्त जलवायु –

बरसीम ठंडी जलवायु के अनुकूल है| ऐसी जलवायु सर्दी व वसंत मौसम में उत्तरी भारत में पाई जाती है, जिनको उत्पादक क्षेत्र के रूप में जाना जाता है| बरसीम की बुवाई तथा विकास के लिए उचित तापमान 25 डिग्री सेल्सियस सर्वोतम होता है|

भूमि का चयन ब तैयारी –

बरसीम की अच्छी फसल के लिए सिंचित खेत का चुनाव करें| जिसकी मिट्टी भारी दोमट तथा अधिक जलधारण क्षमता वाली हो और जिसमें जल निकास की अच्छी सुविधा हो| बरसीम क्षारीय भूमि में भी उगाई जा सकती है, लेकिन मिट्टी का पी एच मान 8 से कम होना चाहिए| ध्यान रहे अम्लीय भूमि बरसीम के लिए उपयुक्त नहीं होती है| इसकी खेती प्रायः खरीफ फसल के बाद करते है| इसके लिए खेत की एक या दो बार मिट्टी पलटने वाले हल से गहरी जुताई करे ताकि मिट्टी मुलायम हो जाए| इसके बाद तीन या चार हैरो चलाकर खेत में पाटा लगाएँ ताकि खेत समतल हो जाए एवं सिंचाई में भी सुविधा हो|

बीज की मात्रा –

बरसीम की बोआई के लिए 25 से 30 किलोग्राम बीज प्रति हेक्टेयर की आवश्यकता है| देशी या मेस्कावी किस्म के बीज छोटे होते है, अतः 25 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर पर्याप्त होता है| बड़े एवं मोटे किस्मों जैसे- बी एल- 22 या जे बी एच- 146 की बोआई के लिए 25 से 30 किलोग्राम बीज की आवश्यकता पड़ती है|

READ MORE :  Green Fodder crops Important feed stock for Livestock

बीजोपचार –

बरसीम चारे की भरपूर उपज के लिए बुआई से पूर्व बीज को उपयुक्त राइजोबियम कल्चर से उपचारित करना आवश्यक है| इसके लिए गर्म पानी में 250 ग्राम गुड़ का 10 प्रतिशत घोल बना लेना चाहिए, फिर घोल को ठंढा करके उसमें कल्चर पाउडर को अच्छी तरह मिलायें| इस मिश्रण को 25 से 30 किलो ग्राम बीज पर छिड़क कर अच्छी तरह मिलाए| बीज को इससे पूर्व 12 से 14 घण्टे तक जल में भिगो कर रखना चाहिए|
जीवाणु उपचारित बीज को छाया में रख कर सुखाएँ और 24 घण्टे के अन्दर बुआई कर दें| धूप या गर्म वातावरण में उपचारित बीज सुखाने या रखने से जीवाणु मर जाते है| यदि सम्बन्धित कल्चर उपलब्ध न हो पाये तो जिस खेत में पहले बरसीम बोई गई हो, उस खेत की मिट्टी बीज के वजन के बराबर लेकर उसे बीज के साथ मिलाकर बुआई करें|
बुआई के समय उच्च कोटि के प्रमाणित बीज उपलब्ध नहीं हो तो स्थानीय बीजों का प्रयोग करना पड़ता हैं| जिसमें कासनी के बीज मिले हो सकते हैं, कासनी के बीजों को अलग करने के लिए 10 प्रतिशत नमकीन पानी के घोल को किसी चौड़े मुंह वाले बर्तन में दो तिहाई भाग तक भर देते है| बुआई से पहले बीजों को इस घोल की सतह पर थोड़ा-थोड़ा डालते है| बरसीम का बीज भारी होने के कारण बर्तन की तली में बैठ जाता है| जबकि कासनी के बीज घोल के उपरी सतह पर तैरते रहते है, इनकों सतह से निकाल कर फेंक दे तथा बरसीम के बीजों को निकाल कर स्वच्छ जल से 2 से 3 बार धो दें ताकि अंकुरण पर नमक का बुरा प्रभाव न पड़े|

बोनी का समय एवं बोनी की विधि –

इसकी बुआई के लिए सबसे उपयुक्त समय सितम्बर के अन्तिम सप्ताह से अक्टूबर के मध्य तक है| देर से बुआई करने पर फसल में एक या दो कटाई कम मिलती है तथा प्रति कटाई चारे के पैदावार में में भी कमी आती है| अतः कृषक बंधु को फसल की बुआई समय पर ही करनी चाहिए|

READ MORE :  साइलेज -हरे चारे की जगह पुरे साल घर पर बनाएं तथा अपने दुधारू पशुओं को खिलाएं

बरसीम की बोनी निम्न विधियों से की जा सकती है –

पहली विधि में सर्वप्रथम खेत में बनी हुई क्यारियों में पानी भरें और इसके बाद उपचारित बीज को समान रूप से छिटककर बोनी करें । ध्यान रखें कि खेत में पानी की सतह 5 से.मी. से अधिक न रहे।
दूसरी विधि में खेत में बनी हुई क्यारियों में उपचारित बीज को समान रूप से छिटक कर बोनी करें फिर हल्की सिंचाई करें। ध्यान रखें कि क्यारियों में सिंचाई वाला पानी तेज गति से न बहे, इससे बीज पानी के बहाव की दिशा में इकट्ठा हो सकता है।

खाद और उर्वरक –

बरसीम में नत्रजन की मात्रा की आवश्यकता कम पड़ती है| इसलिए समान्यता: 25 किलोग्राम नत्रजन, 80 किलोग्राम फास्फोरस और 20 पोटाश प्रति हेक्टेयर की दर से बोते समय खेत में छिड़टक कर मिट्टी में अच्छी तरह मिला देनी चाहिए| इसके बाद क्यारीयां बनाकर पानी भरना चाहिए या अन्य विधि से बुवाई करनी चाहिए|

सिंचाई प्रबंधन –

बरसीम की सफल खेती के लिए सिंचाई और जल निकास की समुचित व्यवस्था आवश्यक है| पानी भर कर बुआई करने पर बुआई के चन्द दिन बाद दूसरी हल्की सिंचाई करें| सूखी बुआई में अंकुरण के बाद प्रथम सिंचाई करें| इसके बाद शीत काल में 12 से 15 दिन के अन्तर पर तथा मार्च के बाद तापमान बढ़ने पर सिंचाई 7 से 10 दिन के अन्तर पर करनी चाहिए| हरे चारे के लिए प्रत्येक कटाई के बाद सिंचाई अवश्य करें| जो कि अच्छी वृद्धि एवं अधिक उपज के लिए आवश्यक है|

खरपतवार नियंत्रण –

आरम्भ में बथुवा, खरतुआ, दूब, कृष्णनील, जंगली प्याजी, गजरी, सैजी, कासनी आदि खरपतवार बरसीम की फसल में दिखाई देते है| यदि फसल आरम्भ में खरपतवारों से दब जाती है, तो बढवार नहीं कर पाती है| जिससे उपज भी अच्छी नहीं मिल पाती है| अतः जहाँ तक संभव हो फसल के अंकुरण के बाद निराई-गुड़ाई करके खरपतवारों को निकाल देना चाहिए|
अमरलता (कसकुटा रिफलेक्सा) की संभावना हो तो फसल पर पैराकवट या डायकवट का 0.1 से 0.2 प्रतिशत घोल बना कर पहली या दूसरी कटाई के तुरन्त बाद छिड़काव करें| फसल-चक्र अवश्य अपनायें जिससे खरपतवारों का नियन्त्रण आसानी से किया जा सके| फसल की आरंभिक अवस्था में एक-दो कटाई जल्दी करके भी एक वर्षीय खरपतवारों पर काबू पाया जा सकता है|

READ MORE :  सूखे चारे मे पोषक तत्व बढ़ाने की विधि

फसल संरक्षण –

फसल संरक्षण का प्रयोग प्रायः बीज उत्पादन के लिए करना चाहिए| फसल को हानि पहुँचाने वाले प्रमुख कीटों में सेमीलूपर, थ्रिप्स, एफिड और चने की सूंडी हैं| सेमीलूपर से बचाव के लिए एण्डोसल्फॉन 35 ई सी का छिड़काव करें तथा थ्रिप्स, सुंडी और एफिड के लिए 0.05 प्रतिशत मेथालियॉन का घोल बनाकर प्रयोग किया जा सकता है| किसी भी खरपतवारनाशी या कीट नाशी का प्रयोग किया जा सकता है| किसी भी खरपतवार नाशी या कीट नाशी के प्रयोग के 15 से 20 दिन पश्चात ही बरसीम पशुओं को खिलाएँ|

कटाई व्यवस्था –

प्रथम कटाई बुआई के 50 से 55 दिन के मध्य ली जा सकती है| अन्य कटाईयाँ 30 से 35 दिन के अन्तराल पर लेने से अच्छी उपज प्राप्त होती है| पौधों में अधिक पुर्नवृद्धि और उत्पादन प्राप्त करने के लिए फसल को जमीन की सतह से 5 से 7 सेंटीमीटर की ऊँचाई पर काटना आवश्यक है| बरसीम की फसल से हरा चारा नवम्बर के अन्त से अप्रैल तक मिलता है| प्रायः यह देखा गया है कि प्रथम कटाई के दौरान कम उपज मिलती है, परन्तु दूसरी और तीसरी कटाई के समय सबसे अधिक उपज मिलती है| फूल आने के बाद बीज वाली फसल में सिंचाई नहीं करें| मई में लू चलने से परागण व निषेचन पर विपरीत प्रभाव पड़ता है|

पैदावार –

उपरोक्त वैज्ञानिक तकनीक से खेती करने पर फसल में बीज उत्पादन नहीं किया जाये तो प्रति हेक्टेयर औसत से अधिक लगभग 1000 क्विंटल हरा चारा प्राप्त होता हैं। बीज के लिए फसल को फरवरी बाद छोड़ दिया जाय तो 3 से 5 क्विंटल बीज तथा 500 से 600 क्विंटल हरा चारा लिया जा सकता है| बरसीम अधिक खाने से पशुओं में अफरा हो जाता है| इसलिए सूखे चारे के साथ मिलाकर खिलाएँ या पहले सूखा चारा फिर बरसीम खिलाएँ|

वर्ष भर हरा चारा उत्पादन करने  की प्रमुख विधिया तथा आवश्यक सुझाव

Please follow and like us:
Follow by Email
Twitter

Visit Us
Follow Me
YOUTUBE

YOUTUBE
PINTEREST
LINKEDIN

Share
INSTAGRAM
SOCIALICON