मुर्गीपालन में प्रचलित मिथक और भ्रांतियाँ
डॉ. निहालअहमद अ. मुल्ला
विषय विशेषज्ञ, पशु चिकित्सा विज्ञान
संस्कृति संवर्धन मंडल संचालित कृषि विज्ञान केंद्र, सगरोली
तालुका बिलौली, जिला नांदेड, महाराष्ट्र
Email: as@kvksagroli.co.in
सारांश (Abstract)
भारत में मुर्गीपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन, पोषण सुरक्षा तथा किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला तेजी से विकसित होता कृषि-आधारित व्यवसाय है। वैज्ञानिक प्रबंधन, उन्नत आनुवंशिकी, संतुलित पोषण, टीकाकरण, जैव-सुरक्षा तथा आधुनिक शेड प्रबंधन ने मुर्गीपालन की उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि की है। इसके बावजूद मुर्गीपालन से संबंधित अनेक मिथक एवं भ्रांतियाँ किसानों और उपभोक्ताओं में प्रचलित हैं। सोशल मीडिया तथा अपूर्ण जानकारी इन भ्रांतियों के प्रसार को और तेज कर रहे हैं। प्रस्तुत लेख में मुर्गीपालन से जुड़े २३ प्रमुख मिथकों का वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक दृष्टिकोण से विश्लेषण किया गया है। इनमें ब्रॉयलर में हार्मोन एवं स्टेरॉयड के उपयोग, देशी मुर्गियों की चिकित्सा आवश्यकताओं, अधिक आहार देने, घरेलू भोजन खिलाने, टीकाकरण, हर्बल उपचार, एंटीबायोटिक के उपयोग, फार्म स्वच्छता, जैव-सुरक्षा, अधिक पक्षी रखने, अंडे की गुणवत्ता तथा मुर्गीपालन की लाभप्रदता संबंधी भ्रांतियाँ शामिल हैं। लेख का मुख्य उद्देश्य किसानों और उपभोक्ताओं को प्रमाण-आधारित जानकारी उपलब्ध कराना तथा अंधविश्वास एवं सोशल मीडिया की गलत सूचनाओं से बचने के लिए वैज्ञानिक सोच विकसित करना है।
Keywords: मुर्गीपालन, मिथक एवं भ्रांतियाँ, वैज्ञानिक प्रबंधन, जैव-सुरक्षा, पोल्ट्री स्वास्थ्य
परिचय
भारत जैसे कृषि प्रधान देश में पशुपालन, डेयरी व्यवसाय, बकरी पालन और मुर्गीपालन जैसी कृषि संबंधित गतिविधियाँ ग्रामीण अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। इनमें मुर्गीपालन एक तेजी से विकसित होने वाला क्षेत्र बन चुका है, जिसमें बहुत कम समय में पर्याप्त आय अर्जित करने की क्षमता है। आज भारत विश्व में अंडे और ब्रॉयलर मांस के प्रमुख उत्पादकों में शामिल है। यह क्षेत्र ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में निरंतर रोजगार उपलब्ध कराने, देश की प्रोटीन एवं पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने, महिलाओं और युवाओं के लिए, स्वरोजगार के अवसर पैदा करने तथा किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पिछले कुछ दशकों में मुर्गीपालन क्षेत्र ने तकनीकी और वैज्ञानिक रूप से बहुत प्रगति की है। यह असंगठित घरेलू मुर्गीपालन से बदलकर अत्यधिक विशिष्ट व्यावसायिक उद्योग बन गया है। बेहतर आनुवंशिकीए संतुलित तैयार आहार, आधुनिक स्वचालित शेड प्रबंधन, उन्नत तापमान एवं आर्द्रता नियंत्रण, सटीक टीकाकरण कार्यक्रम, कड़ी जैवसुरक्षा, रोगों का शीघ्र निदान और व्यवस्थित बाजार प्रबंधन के कारण आज के मुर्गे पहले की तुलना में बहुत कम समय में कहीं अधिक उत्पादन दे सकते हैं।
हालाँकि इस उल्लेखनीय प्रगति के साथ-साथ मुर्गीपालन के बारे में कई मिथक, अफवाहें और भ्रांतियाँ भी समाज में गहराई से फैल गई हैं। इनमें से कुछ भ्रांतियाँ उपभोक्ताओं में अनावश्यक डर पैदा करती हैं, जबकि कुछ मुर्गीपालकों में पाई जाती हैं और खराब फार्म प्रबंधन का कारण बनती हैं।
आज सोशल मीडिया इन भ्रांतियों को बहुत तेजी से फैलाता है। व्यक्तिगत अनुभव, अधूरी जानकारी या पूरी तरह वैज्ञानिक आधार से रहित वीडियो कुछ ही घंटों में हजारों लोगों तक पहुँच जाते हैं। इसके परिणामस्वरूप महत्वपूर्ण आहार संबंधी और व्यावसायिक निर्णय गलत सूचनाओं के आधार पर लिए जाते हैं। इसलिए व्यावहारिक अनुभव और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के आधार पर इन प्रमुख मिथकों को समझना और उनका समाधान करना अत्यंत आवश्यक है।
- मुर्गीपालन व्यवसाय के विभिन्न प्रकार
आमतौर पर मुर्गीपालन की बात करते समय दो प्रमुख व्यावसायिक प्रकार सामने आते है, लेयर और ब्रॉयलर। लेयर मुर्गियों का मुख्य उद्देश्य लगातार व्यावसायिक अंडा उत्पादन है, जबकि ब्रॉयलर मुर्गियों को उच्च गुणवत्ता वाले मांस के लि, पाला जाता है।
इसके अतिरिक्त देशी मुर्गियों, उन्नत दोहरे उद्देश्य वाली देशी नस्लों जैसे गिरिराजा और वनराजा, बटेर, टर्की, बत्तख, गिनी फाउल तथा कुछ क्षेत्रों में एमू का पालन भी किया जाता है।
प्रत्येक पक्षी प्रजाति और नस्ल की उत्पादन क्षमता, दैनिक आहार की आवश्यकता, वृद्धि दर, प्राकृतिक रोग प्रतिरोधक क्षमता, प्रबंधन पद्धति और लक्षित बाजार अलग-अलग होते हैं। इसलिए मुर्गी फार्म शुरू करने से पहले केवल यह सोचने के बजाय कि मुझे मुर्गियाँ पालनी हैं, उद्यमी को यह तय करना चाहि, कि किस प्रकार का उत्पादन करना है, झुंड का आकार कितना होगा, कौन-सी नस्ल या स्ट्रेन चुननी है, स्थानीय स्तर पर आहार के कच्चे माल की उपलब्धता कैसी है, लक्षित बाजार कितनी दूरी पर है और अपेक्षित लाभ कितना वास्तविक है।
अब इस क्षेत्र में प्रचलित कुछ प्रमुख मिथकों और भ्रांतियों की वैज्ञानिक समीक्षा करते हैं।
- ब्रॉयलर मुर्गियों को तेजी से बढ़ाने के लिए हार्मोन दिए जाते हैं!
यह मुर्गीपालन से जुड़ा सबसे बड़ाए सबसे व्यापक और सबसे अधिक चर्चा में रहने वाला मिथक है कि, ब्रॉयलर मुर्गियों को तेजी से बढ़ाने के लिए हार्मोन के इंजेक्शन दिए जाते हैं। जब लोग देखते हैं कि एक ब्रॉयलर मुर्गी केवल ४० से ४५ दिनों में २ से २.५ किलोग्राम का बाजार योग्य वजन प्राप्त कर लेती है, तो उन्हें संदेह होता है कि इतने कम समय में इतनी तेज वृद्धि जैविक रूप से कैसे संभव है। इसका वास्तविक उत्तर हार्मोन नहीं, बल्कि दशकों से किए गए आनुवंशिक सुधार और अत्यंत वैज्ञानिक प्रबंधन में छिपा है। पिछले ५० से ६० वर्षों में चयनात्मक प्रजनन के माध्यम से वैज्ञानिकों ने ऐसी मुर्गियाँ विकसित की हैं जिनमें तेज वृद्धि, उत्कृष्ट फीड कन्वर्जन, मांसल शरीर और अधिक मांस उत्पादन की क्षमता होती है।
इसके अलावा लाखों पक्षियों को नियमित रूप से हार्मोन का इंजेक्शन देना आर्थिक, तकनीकी और प्रशासनिक रूप से असंभव है। प्रतिदिन 10,000 मुर्गियों को पकड़कर इंजेक्शन देना उनके लिए भारी तनाव और घातक चोटों का कारण बनेगा तथा बहुत अधिक श्रम की आवश्यकता होगी, जिससे पूरा लाभ समाप्त हो जाएगा।
इसलिए ब्रॉयलर की तेज वृद्धि हार्मोन के कारण होती है यह धारणा पूरी तरह गलत है।
- ब्रॉयलर मुर्गियों को वजन बढ़ाने के लिए स्टेरॉयड दिए जाते हैं!
कुछ उपभोक्ताओं का मानना है कि मुर्गियों को स्टेरॉयड या इसी प्रकार की कृत्रिम दवाएँ देकर उनका वजन अस्वाभाविक रूप से बढ़ाया जाता है। वास्तव में आधुनिक ब्रॉयलर की तेज वृद्धि चार वैज्ञानिक रूप से अनुकूलित कारकों पर आधारित है-
आनुवंशिकी + पोषण + प्रबंधन + स्वास्थ्य
यदि पक्षियों को आवश्यक अमीनो एसिड जैसे लाइसिन और मेथियोनीन से भरपूर संतुलित आहार दिया जाए, शेड का उचित तापमान बनाए रखा जाए, पर्याप्त और स्वच्छ पानी उपलब्ध हो, अत्यधिक भीड़ न हो और रोगों को नियंत्रित रखा जाए, तो पक्षी अपनी आनुवंशिक क्षमता के अनुसार स्वाभाविक रूप से उत्कृष्ट वृद्धि प्राप्त करते हैं। इसलिए किसानों को संदिग्ध पदार्थों या अनावश्यक ग्रोथ प्रमोटरों पर निर्भर रहने के बजाय वैज्ञानिक प्रबंधन पद्धतियों पर भरोसा करना चाहिए।
- देशी मुर्गियों को किसी चिकित्सा देखभाल की आवश्यकता नहीं होती!
यह धारणा ग्रामीण और घरेलू मुर्गीपालन में विशेष रूप से आम है कि, देशी मुर्गियाँ मजबूत होती हैं, इसलिए उन्हें टीके, दवाएँ या विशेष आहार की आवश्यकता नहीं होती। देशी पक्षी स्थानीय जलवायु के अनुकूल हो सकते हैं और खुले में भोजन खोजने वाली परिस्थितियों में उनकी जीवित रहने की क्षमता कुछ उन्नत व्यावसायिक नस्लों से बेहतर हो सकती है। लेकिन इसका यह अर्थ नहीं है कि वे न्यूकैसल रोग (रानीखेत) या फाउल पॉक्स जैसे घातक वायरल रोगों से पूरी तरह सुरक्षित हैं। देशी मुर्गियों को भी उचित टीकाकरण, स्वच्छ आवास, शिकारी और खराब मौसम से सुरक्षा, परजीवी नियंत्रण,कृमिनाशन, स्वच्छ पानी और पोषण संबंधी पूरकों की आवश्यकता होती है। यह देशी मुर्गी है, इसे गंदगी में खाने दो और कहीं भी रहने दो इस दृष्टिकोण से मृत्यु दर बढ़ेगी, अंडा उत्पादन घटेगा और रोग फैलने का खतरा बढ़ जाएगा।
- क्रॉसब्रीड मुर्गियाँ हमेशा कमजोर और बीमार होती हैं!
क्रॉसब्रीड या हाइब्रिड पक्षियों के बारे में भी कई भ्रांतियाँ हैं। कुछ पारंपरिक किसान मानते हैं कि क्रॉसब्रीड पक्षी बहुत नाजुक और रोगग्रस्त होने वाले होते हैं। वास्तव में झुंड का स्वास्थ्य और मजबूती केवल नस्ल पर निर्भर नहीं करती। शुरुआती महत्वपूर्ण सप्ताहों में गलत ब्रूडिंग तापमानए खराब या फफूंदयुक्त आहार, खराब वेंटिलेशन के कारण अमोनिया का जमा होना, अत्यधिक भीड़, गीला बिछावन और खराब फार्म स्वच्छता वास्तव में पक्षियों को कमजोर बनाते हैं। इसलिए नस्ल कमजोर है कहने के बजाय किसान को यह पूछना चाहिए कि मेरी प्रबंधन व्यवस्था में क्या गलती हुई?
- अधिक आहार देने से अपने.आप अधिक वृद्धि होगी!
नए किसान अक्सर मानते हैं कि पक्षियों को लगातार अधिक आहार देने से वे बहुत तेजी से बढ़ेंगे। लेकिन मुर्गीपालन में आहार की मात्रा से अधिक उसकी गुणवत्ता और फीड कन्वर्जन महत्वपूर्ण है। इसे खाद्य गुणोत्तर (फीड कन्वर्जन रेश्यू) माध्यम से मापा जाता है। पक्षियों को उनकी वृद्धि के प्रत्येक सप्ताह के अनुसार ऊर्जा, प्रोटीन, अमीनो ,सिड, कैल्शियम, फॉस्फोरस, विटामिन और सूक्ष्म खनिजों का सही अनुपात देना आवश्यक है। अधिक आहार या असंतुलित आहार से पेट में अनावश्यक चर्बी जमा होना, फैटी लिवर, हेमोरेजिक सिंड्रोम, लेयर मुर्गियों में प्रजनन संबंधी कठिनाइयाँ और एसाइटिस (पेट में पानी भरना) जैसी चयापचय संबंधी समस्याएँ हो सकती हैं।
सुनहरा नियम है, “अधिक आहार नहीं, बल्कि सही संतुलित आहार।“
- घर का बचा हुआ भोजन खिलाने से मुर्गियाँ अच्छी तरह बढ़ती हैं!
घर के रसोई के बचे हुए भोजन को छोटे देशी मुर्गी के झुंड में कभी-कभी पूरक आहार के रूप में दिया जा सकता है, लेकिन यह वैज्ञानिक रूप से तैयार किए गए व्यावसायिक मुर्गी आहार का पूर्ण विकल्प नहीं है। पक्षियों को उनकी उम्र और उत्पादन अवस्था के अनुसार विशिष्ट सूक्ष्म पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। यदि उन्हें केवल मनुष्य का बचा हुआ भोजन दिया जाए, जिसमें अक्सर नमक, तेल और खाली कार्बोहाइड्रेट अधिक होते हैं, तो प्रोटीन, कैल्शियम और विटामिन का संतुलन बिगड़ जाएगा। लेयर मुर्गियों में इससे अंडा उत्पादन बहुत कम हो सकता है और अंडों के छिलके कमजोर हो सकते हैं। बढ़ते पक्षियों में हड्डियों की मजबूती कम होने से लंगड़ापन हो सकता है।
- कच्चे अंडे या कच्चे चावल खिलाने से अंडा उत्पादन बढ़ता है!
कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में यह अंधविश्वास है कि मुर्गी को कच्चा अंडा या कच्चा चावल खिलाने से वह अधिक अंडे देने लगती है। मुर्गियों की प्रजनन प्रणाली इस प्रकार के अंधविश्वासों के आधार पर काम नहीं करती। अंडा उत्पादन मुख्य रूप से पक्षी की आनुवंशिक क्षमता, उम्र, संतुलित पोषण विशेष रूप से कैल्शियम और फॉस्फोरस, उचित दैनिक प्रकाश अवधि (आमतौर पर १४ से १६ घंटे), स्वच्छ पानी और तनाव-मुक्त स्वास्थ्य पर निर्भर करता है। अंडा उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को पुराने अंधविश्वासों के बजाय मानक लेयर आहार और उचित फार्म प्रबंधन पर ध्यान देना चाहिए।
- मुर्गियाँ इसलिए बीमार पड़ती हैं क्योंकि उन्हें टीका लगाया जाता है!
यह टीकाकरण से जुड़ी एक खतरनाक भ्रांति है। टीका पक्षी की प्रतिरक्षा प्रणाली को सक्रिय करके भविष्य में होने वाले घातक संक्रमणों के विरुद्ध एंटीबॉडी बनाने की एक वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित विधि है। कभी-कभी टीकाकरण के बाद हल्की प्रतिक्रियाएँ, जैसे हल्की श्वसन संबंधी आवाजें दिखाई दे सकती हैं। लेकिन सही तरीके से लगा, गए टीके गंभीर रोगों से बचाव का महत्वपूर्ण साधन हैं। टीकाकरण की विफलता अक्सर वैक्सीन को गलत तापमान पर रखने, गलत उम्र में टीका लगाने, गलत मात्रा देने, या खराब गुणवत्ता के पानी के कारण होती है। यदि टीकाकरण के दौरान कोई गलती हुई हैए तो सुरक्षा विफल हो सकती है। इसलिए टीके को दोष देने के बजाय टीकाकरण प्रक्रिया को सुधारना चाहिए।
- हर्बल और घरेलू दवाएँ मुर्गियों के सभी रोग ठीक कर सकती हैं!
हल्दी, लहसुन या एलोवेरा के अर्क जैसे पौधों पर आधारित उत्पाद कुछ हल्की परिस्थितियों में प्रतिरक्षा बढ़ाने वाले या सहायक पूरक के रूप में उपयोगी हो सकते हैं। लेकिन यह मानना गंभीर रूप से गलत है कि वे तीव्र संक्रामक वायरल या बैक्टीरियल रोगों का एकमात्र उपचार हैं। न्यूकैसल, गंबोरो और मारेक रोग जैसे रोगों में निवारक टीकाकरण और कड़ी जैव-सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। यदि किसान पहले घरेलू उपचार आजमाते हैं और उपचार में देरी होती है, तो रोगजनक तेजी से बढ़ सकते हैं और पूरा समूह संक्रमित हो सकता है, जिससे बड़े पैमाने पर मृत्यु हो सकती है।
- यदि एक मुर्गी बीमार हो जाए तो वह अपने आप ठीक हो जाएगी!
यह अत्यंत खतरनाक धारणा है। व्यावसायिक मुर्गीपालन में संक्रामक रोग हवा, पानी की पाइपलाइन और बिछावन के माध्यम से बहुत तेजी से फैल सकते हैं। यदि कोई पक्षी सुस्त दिखाई दे, अलग होकर बैठा रहे, कम खाए, सांस लेने में कठिनाई हो, असामान्य बीट करे या पूरे समूह में अंडा उत्पादन अचानक घट जाए, तो यह गंभीर चेतावनी है। किसान को तुरंत बीमार पक्षी को अलग करना, या आवश्यक होने पर उसे हटाना, मृत पक्षियों का सुरक्षित निपटान करना, वातावरण की जाँच करना तथा तुरंत पशु चिकित्सक से पोस्टमार्टम और स्वास्थ्य जाँच करवानी चाहिये। बीमार पक्षी पूरे झुंड के लि, टाइम बम जैसा हो सकता है।
- तेजी से वृद्धि के लि, रोजाना पानी में एंटीबायोटिक देना चाहिये!
एंटीबायोटिक का लापरवाही और अनावश्यक उपयोग एक गंभीर वैश्विक समस्या है, जो पशु और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए खतरा है। एंटीबायोटिक का उपयोग केवल निदान किए गए बैक्टीरियल संक्रमणों के उपचार के लिए और पशु चिकित्सक की सलाह के अनुसार, उचित पजीकृत मात्रा के साथ किया जाना चाहिए। वृद्धि बढ़ाने के लिए लगातार कम मात्रा में एंटीबायोटिक देने से उसकी रेजीस्टेन्स पैदा होती है। इसका अर्थ है कि बैक्टीरिया में प्रतिरोध विकसित हो जाता है और दवाएँ प्रभावी होना बंद कर सकती हैं। आधुनिक मुर्गीपालन में अनावश्यक एंटीबायोटिक उपयोग के बजाय प्रोबायोटिक्स, प्रीबायोटिक्स, आंतों के स्वास्थ्य के लिए एसिडिफायर और कड़ी जैव-सुरक्षा पर अधिक जोर दिया जाता है।
- महीने में एक बार शेड की अच्छी तरह सफाई करना पर्याप्त है!
मुर्गी फार्म की स्वच्छता महीने में एक बार होने वाली गतिविधि नहीं है, यह रोजाना की जैविक आवश्यकता है। गीली बीट जमा होने से अमोनिया गैस का स्तर बढ़ता है, जिससे पक्षियों के फेफड़ों और आँखों को नुकसान हो सकता है। गीला बिछावन कोक्सीडिया जैसे खतरनाक परजीवियों और विभिन्न श्वसन रोगजनकों के लिए उपयुक्त वातावरण बनाता है। किसानों को रोजाना बिछावन को सूखा रखने के लिए उसे उलटना-पलटना, पानी के रिसाव वाले ड्रिंकर को तुरंत ठीक करना, उचित क्रॉस-वेंटिलेशन सुनिश्चित करना और फीडरों को सैनिटाइज करना चाहिए। अच्छी स्वच्छता रोग शुरू होने से पहले ही उसे रोकती है।
- आगंतुकों को फार्म में आने देने से कोई वास्तविक नुकसान नहीं होता!
जैव-सुरक्षा मुर्गी फार्म की अदृश्य ढाल है। सूक्ष्म रोगजनक जीव आगंतुकों के जूतों, कपड़ों, बिना धुले हाथों और वाहन के टायरों के साथ आसानी से फार्म में प्रवेश कर सकते हैं। वे जंगली पक्षियों और चूहों के माध्यम से भी आ सकते हैं। इसलिए अनधिकृत लोगों के प्रवेश पर रोक लगाना, फार्म के प्रवेश द्वार पर अनिवार्य रासायनिक फुटबाथ रखना, आने वाले उपकरणों को सैनिटाइज करना और जंगली पक्षियों को अंदर आने से रोकने के लिए शेड को जालियों से ढकना आवश्यक है। जैव-सुरक्षा कोई विलासिता या अतिरिक्त खर्च नहीं है, यह बड़े आर्थिक नुकसान के विरुद्ध महत्वपूर्ण सुरक्षा है।
- शेड में अधिक मुर्गियाँ रखने से मेरा लाभ अधिकतम होगा!
लालच के कारण किसान कभी-कभी उपलब्ध फर्श क्षेत्र की क्षमता से अधिक पक्षियों को शेड में भर देते हैं और मानते हैं कि अधिक पक्षी मतलब अधिक पैसा। लेकिन जैविक क्षमता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अत्यधिक भीड़ से तुरंत गर्मी का तनाव बढ़ता है, सीमित फीडर और ड्रिंकर के लिए प्रतिस्पर्धा बढ़ती है, ऑक्सीजन का स्तर घटता है, बिछावन तेजी से खराब होता है और पक्षियों में एक-दूसरे को चोंच मारने की समस्या बढ़ सकती है। इसके परिणामस्वरूप समूह की वृद्धि रुकती है, स्वास्थ्य खराब होता है और मृत्यु दर तेजी से बढ़ती है। अत्यधिक भीड़ से अधिक लाभ का समीकरण जैविक और आर्थिक दोनों दृष्टि से गलत है।
- केवल बहुत बड़े या जंबो अंडे ही अच्छी गुणवत्ता वाले होते हैं!
अंडे की पोषण गुणवत्ता का निर्णय केवल उसके आकार के आधार पर करना गलत है। जब लेयर मुर्गियाँ पहली बार अंडे देना शुरू करती हैं, तो उनके अंडे स्वाभाविक रूप से छोटे होते हैं। जैसे-जैसे उनकी की उम्र बढ़ती है, अंडे का आकार बढ़ता है, लेकिन उसका छिलका अक्सर पतला हो जाता है। वास्तविक अंडे की गुणवत्ता निर्धारित करते समय वैज्ञानिक और शेफ अंडे की ताजगी, छिलके की मोटाई और मजबूती, गाढ़े एल्ब्यूमेन, अंडे की सफेदी की ऊँचाई, जर्दी का रंग और अंडे को किस प्रकार संग्रहित किया गया है, इन बातों पर ध्यान देते हैं। एक युवा मुर्गी का छोटा लेकिन ताजा अंडा किसी वृद्ध मुर्गी के बहुत बड़े अंडे की तुलना में संरचनात्मक रूप से बेहतर हो सकता है।
- भूरे अंडे अधिक पौष्टिक होते हैं और सफेद अंडे कृत्रिम या घटिया होते हैं!
अंडे के छिलके का रंग उस मुर्गी की आनुवंशिकी और नस्ल पर निर्भर करता है जो अंडा देती है। उदाहरण के लिए, लेगहॉर्न मुर्गियाँ सफेद अंडे देती हैं, जबकि रोड आइलैंड रेड मुर्गियाँ भूरे अंडे देती हैं। छिलके के रंग का अंडे के अंदर मौजूद पोषण, प्रोटीन या स्वाद पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। भूरा अंडा अधिक ऑर्गेनिक या सफेद अंडे से अधिक स्वास्थ्यवर्धक नहीं होता। वास्तव में महत्वपूर्ण बातें हैं कि अंडे की ताजगी और मुर्गी को दिया गया संतुलित एवं गुणवत्तापूर्ण आहार।
- धुले हुए अंडे साफ दिखते हैं, इसलिए अधिक समय तक चलते हैं!
प्रकृति ने अंडे को एक सुरक्षात्मक व्यवस्था के साथ बनाया है। अंडे का छिलका छिद्रयुक्त होता है, लेकिन उस पर प्राकृतिक रूप से एक अदृश्य सुरक्षात्मक परत होती है, जिसे क्यूटिकल कहा जाता है। यह परत छिद्रों को सील करती है और बैक्टीरिया को अंदर जाने से रोकती है। पानी से अंडे धोने, विशेष रूप से ठंडे पानी या जोर से रगड़ने पर, यह सुरक्षात्मक परत नष्ट हो सकती है। इससे सूक्ष्म छिद्र खुल जाते हैं और बैक्टीरिया के प्रवेश का जोखिम बढ़ सकता है। यदि अंडा थोड़ा गंदा है, तो उसे सूखे कपड़े से साफ करना चाहिए। व्यावसायिक स्तर पर अंडों की धुलाई के लिए सटीक तापमान नियंत्रण, विशेष सैनिटाइजर और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार तुरंत पुनः कोटिंग की आवश्यकता होती है।
- बाजार में कृत्रिम या प्लास्टिक के अंडे बनाए और बेचे जा रहे हैं!
हर कुछ महीनों में सोशल मीडिया पर प्लास्टिक अंडे, उछलने वाले कृत्रिम अंडे या केमिकल अंडे दिखाने वाले सनसनीखेज वीडियो वायरल होते हैं। यह अंडे के रसायन विज्ञान की गहरी गलतफहमी है। जैसे-जैसे अंडा पुराना होता है या उसे बहुत कम तापमान पर रखा जाता है, अंडे की सफेदी और जर्दी में प्रोटीन के बंधनों में परिवर्तन होने लगता है। बहुत पुराने अंडे या अनुचित ठंडे भंडारण में रखे अंडे को उबालने पर सफेदी अत्यधिक रबर जैसी हो सकती है और जर्दी को तोड़ना कठिन हो सकता है। उपभोक्ता इस असामान्य रबर जैसी बनावट को देखकर उसे प्लास्टिक समझ लेते हैं। इसके अलावा रसायनों और सिंथेटिक पदार्थों से असली जैसा नकली अंडा बनाना वास्तविक अंडा पैदा करने की तुलना में बहुत अधिक महंगा होगा, इसलिए व्यावसायिक रूप से ऐसा करना तर्कसंगत नहीं है।
- ब्रॉयलर चिकन या व्यावसायिक अंडे खाने से नपुंसकता होती है!
उपभोक्ताओं को मुर्गी उत्पादों से दूर रखने के लि, कई अतिरंजित और चिकित्सा विज्ञान से रहित अफवाहें फैलाई जाती हैं। इस दावे का समर्थन करने वाला कोई वैज्ञानिक या चिकित्सीय प्रमाण नहीं है कि चिकन या अंडे खाने से मनुष्यों में नपुंसकता या हार्मोनल असंतुलन होता है। अंडे और चिकन उच्च जैव-उपलब्धता वाले, आसानी से पचने वाले प्रोटीन, आवश्यक अमीनो एसिड तथा विटामिन ब१२ और जिंक जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्वों के स्रोत हैं। स्वास्थ्य संबंधी आहार निर्णय सनसनीखेज संदेशों के आधार पर नहीं, बल्कि वैज्ञानिक चिकित्सा प्रमाण और पंजीकृत आहार विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर लिए जाने चाहिए।
- अंडे खाने से कोलेस्ट्रॉल के कारण हृदय रोग होता है!
यह एक पुराना मिथक है जिसे आधुनिक हृदय-विज्ञान ने काफी हद तक चुनौती दी है। पहले यह माना जाता था कि, अंडे की जर्दी में मौजूद आहार संबंधी कोलेस्ट्रॉल सीधे मानव धमनियों को बंद कर देता है। आधुनिक पोषण विज्ञान के अनुसार रक्त में कोलेस्ट्रॉल का स्तर केवल आहार संबंधी कोलेस्ट्रॉल से नहीं, बल्कि संतृप्त और ट्रांस वसा सहित कई कारकों से प्रभावित होता है। अंडों में आवश्यक कोलीन, ल्यूटिन और ज़ीऐक्सैंथिन जैसे एंटीऑक्सीडेंट ये पोषक तत्व पाए जाते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन और अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन सहित प्रमुख स्वास्थ्य संगठन अधिकांश लोगों के लिए संतुलित स्वस्थ आहार में अंडों को शामिल करने को स्वीकार करते हैं।
- मुर्गीपालन का मतलब है बिना मेहनत के जल्दी पैसा कमाना!
क्योंकि ब्रॉयलर लगभग एक महीने में बिकने के लिए तैयार हो जाते हैं, इसलिए कुछ लोग मुर्गीपालन को बिना मेहनत के जल्दी अमीर बनने वाला व्यवसाय समझते हैं। लेकिन वास्तविकता इसके बिल्कुल विपरीत है। यह एक अत्यधिक मेहनत और पूंजी की आवश्यकता वाला व्यवसाय है, जिसमें २४ घंटे निगरानी की जरूरत पड़ सकती है। किसान को चूजों की लागत, बदलती हुई फीड कीमतें, पशु चिकित्सा दवाएँ, गर्मी ठंड के लिए बिजली, श्रम, बुनियादी ढाँचे का रखरखाव, अप्रत्याशित मृत्यु और रोजाना बदलने वाली बाजार कीमतों जैसे सभी खर्चों की सावधानीपूर्वक गणना करनी पड़ती है। शेड बनाने से पहले एक मजबूत तकनीकी और वित्तीय व्यवसाय योजना तथा पर्याप्त आर्थिक सुरक्षा राशि तैयार करना अत्यंत आवश्यक है।
- बड़ा फार्म अपने-आप अधिक लाभ देगा!
बड़े फार्मों को बड़े पैमाने पर खरीदारी के कारण कुछ लाभ मिल सकते हैं, जैसे थोक में आहार खरीदना। लेकिन केवल ५,००० के बजाय ५०,००० पक्षी रखने से अपने-आप अधिक लाभ नहीं मिलता। वास्तविक लाभ पूरी तरह प्रबंधन की दक्षता पर निर्भर करता है। महत्वपूर्ण प्रदर्शन संकेतकों में मृत्यु दर को ३% से कम रखना, उत्कृष्ट वजन प्राप्त करना, अधिकतम अंडा उत्पादन प्रतिशत बनाए रखना, श्रम लागत को नियंत्रित करना और बाजार के सही समय का चयन करना शामिल हैं। एक वैज्ञानिक और अनुशासित तरीके से चलाया गया छोटा फार्म भी बीमारी और आहार की बर्बादी से जूझ रहे खराब प्रबंधन वाले बड़े फार्म से अधिक लाभ कमा सकता है।
- किसानों के आर्थिक नुकसान का एकमात्र कारण बिचौलिए हैं!
पूरी मूल्य व्यवस्था के लिए लालची बिचौलियों को दोष देना एक लोकप्रिय धारणा बन गई है। यह सही है कि अनियमित बाजार व्यवस्था में किसानों को खुदरा कीमत का उचित हिस्सा नहीं मिल सकता। लेकिन बिचौलिए, व्यापारी, परिवहनकर्ता और थोक विक्रेताक महत्वपूर्ण लॉजिस्टिक भूमिका निभाते हैं। वे परिवहन के दौरान मृत्यु का जोखिम उठाते हैं, दूरदराज के गाँवों से शहरी केंद्रों तक परिवहन की व्यवस्था करते हैं, किसानों को तत्काल नकदी उपलब्ध कराते हैं और रोजाना की मांग एवं आपूर्ति के बीच संतुलन बनाने में मदद करते हैं। इसलिए केवल बिचौलियों को दोष देने के बजाय उद्योग को बेहतर कोल्ड-चेन बुनियादी ढाँचे, सहकारी खेती मॉडल, सीधे उपभोक्ता तक विपणन और पारदर्शी दैनिक मूल्य घोषणा जैसी व्यवस्थाओं की आवश्यकता है।
निष्कर्ष
आधुनिक मुर्गीपालन केवल पारंपरिक तरीके से कुछ मुर्गियाँ पालने का व्यवसाय नहीं है। यह एक अत्यधिक विशिष्ट और वैज्ञानिक उद्यम है, जिसमें आनुवंशिकी, पशु पोषण, पशु चिकित्सा स्वास्थ्य, स्वचालित शेड प्रबंधन, सूक्ष्म.अर्थशास्त्र और गतिशील बाजार प्रबंधन के बीच सटीक समन्वय आवश्यक है। मुर्गीपालन क्षेत्र में लगातार आर्थिक सफलता प्राप्त करने के लिए किसानों को विज्ञान, दैनिक सूक्ष्म निरीक्षण, सही डेटा रिकॉर्डिंग, रणनीतिक योजना और पेशेवर पशु चिकित्सा मार्गदर्शन पर निर्भर रहना चाहिए। एक सफल मुर्गीपालक वह है जो प्रतिदिन अपने शेड का निरीक्षण करता है, पक्षियों के व्यवहार को समझता है और वातावरण की स्थिति को पढ़ता है। किसानों को अंधविश्वासों से बाहर निकलना, सोशल मीडिया की अफवाहों को छोड़ना और प्रमाण-आधारित कृषि पर भरोसा करना चाहिए। भारतीय मुर्गीपालन उद्योग का वास्तविक और टिकाऊ विकास मिथकों के डर में जीने से नहीं, बल्कि वैज्ञानिक ज्ञान के आत्मविश्वासपूर्ण और कठोर प्रयोग से होगा।
रेफेरेन्सेस
- National Research Council. (1994). Nutrient requirements of poultry (9th rev. ed.). National Academy Press. https://doi.org/10.17226/2114.
- Bell, D. D., & Weaver, W. D., Jr. (Eds.). (2002). Commercial chicken meat and egg production (5th ed.). Kluwer Academic Publishers. https://doi.org/10.1007/978-1-4615-0811-3.
- Sonaiya, E. B., & Swan, S. E. J. (2004). Small-scale poultry production: Technical guide. Food and Agriculture Organization of the United Nations.
- Food and Agriculture Organization of the United Nations. (2014). Poultry production and products: Production systems. FAO.
- Food and Agriculture Organization of the United Nations. (2014). Poultry production and products: Management and housing. FAO.
- Food and Agriculture Organization of the United Nations. (2008). Poultry in the 21st century: Avian influenza and beyond. FAO.
- World Organisation for Animal Health. (2024). Terrestrial Animal Health Code: Chapter 6.10—Responsible and prudent use of antimicrobial agents in veterinary medicine. WOAH.
- World Organisation for Animal Health. (2024). List of antimicrobial agents of veterinary importance. WOAH.
- World Organisation for Animal Health. (n.d.). Terrestrial Animal Health Code: Chapter 6.4—Biosecurity procedures in poultry production. WOAH.
- Grimes, S. E. (2002). A basic laboratory manual for the small-scale production and testing of I-2 Newcastle disease vaccine (FAO RAP Publication 2002/22). Food and Agriculture Organization of the United Nations.
- Dimitrov, K. M. (2026). Newcastle disease in poultry. Merck Veterinary Manual. Merck & Co.
- S. Food and Drug Administration. (2024). Steroid hormone implants used for growth in food-producing animals. FDA.
- S. Department of Agriculture, Food Safety and Inspection Service. (2024). Shell eggs from farm to table. USDA-FSIS.
- S. Department of Agriculture, Food Safety and Inspection Service. (2024). Washing food: Does it promote food safety? USDA-FSIS.
- Drouin-Chartier, J. P., Chen, S., Li, Y., Schwab, A. L., Hanley-Cook, G. T., Turner, K. M., et al. (2020). Egg consumption and risk of cardiovascular disease: Three large prospective US cohort studies, systematic review, and updated meta-analysis. BMJ, 368, m513. https://doi.org/10.1136/bmj.m513.



