एकीकृत हरित प्रसंस्करण तकनीकेंः सतत् उत्पादन एवं पर्यावरण स्थिरता में अनुप्रयोग
डा0 संजय कुमार भारती* एवं डा0 अनीता आर्या
*पशुधन उत्पाद प्रौधोगिकी विभाग, पशुचिकित्सा विज्ञान महाविधालय, दुवासु, मथुरा 281001 (उ0प्र0)।
पशुधन उत्पाद प्रौधोगिकी विभाग, पशुचिकित्सा विज्ञान, महाविधालय, गो0ब0पन्त कृषि एवं प्रौधोगिकी विवविधालय, पंतनगर।
सारांश
डेयरी उद्योग वैश्विक खाद्य अर्थव्यवस्था का एक अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जो पोषण सुरक्षा, ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन तथा कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दूध एवं दुग्ध उत्पाद उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन, कैल्शियम, विटामिन, खनिज, आवश्यक वसीय अम्ल तथा जैव सक्रिय यौगिकों के प्रमुख स्रोत हैं। बढ़ती जनसंख्या, तीव्र शहरीकरण, औद्योगिकीकरण तथा दुग्ध उत्पादों की बढ़ती मांग ने डेयरी उत्पादन एवं प्रसंस्करण प्रणालियों पर अभूतपूर्व दबाव उत्पन्न कर दिया है। आधुनिक डेयरी उद्योग ऊर्जा की अत्यधिक खपत, जल संसाधनों के अधिक उपयोग, ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन, अपशिष्ट जल उत्पादन, पैकेजिंग अपशिष्ट तथा संसाधनों के अप्रभावी प्रबंधन जैसी गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों से जुड़ा हुआ है।
डेयरी पशुओं में आंत्रिक किण्वन तथा गोबर अपघटन से मिथेन गैस का उत्सर्जन जलवायु परिवर्तन में महत्वपूर्ण योगदान देता है। इसके अतिरिक्त पाश्चुरीकरण, समांगीकरण, वाष्पीकरण, रेफ्रिजरेशन,स्प्रे ड्राइंग तथा कोल्ड चेन संचालन जैसी औद्योगिक प्रक्रियाएँ अत्यधिक तापीय एवं विद्युत ऊर्जा का उपयोग करती हैं। इन समस्याओं के समाधान हेतु सतत एवं हरित डेयरी प्रौद्योगिकियों का विकास अत्यंत आवश्यक हो गया है।
हरित डेयरी प्रौद्योगिकियाँ नवीकरणीय ऊर्जा, अपशिष्ट पुनर्चक्रण, झिल्ली निस्यंदन तकनीक, जल संरक्षण,अपशिष्ट जल पुनः उपयोग, गैर-तापीय प्रसंस्करण तथा परिपत्र अर्थव्यवस्था आधारित प्रणालियों पर आधारित हैं। साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, ब्लॉकचेन, रोबोटिक्स, बिग डेटा एनालिटिक्स तथा क्लाउड कंप्यूटिंग जैसी डिजिटल तकनीकें डेयरी उद्योग में वास्तविक समय निगरानी, गुणवत्ता नियंत्रण, आपूर्ति शृंखला प्रबंधन एवं ट्रेसबिलिटी को सुदृढ़ बना रही हैं।
परिचय
डेयरी उद्योग विश्व के सबसे महत्वपूर्ण कृषि-आधारित औद्योगिक क्षेत्रों में से एक है।भारत विश्व का सर्वाधिक दुग्ध उत्पादक देश है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में डेयरी क्षेत्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। लाखों किसान, पशुपालक एवं ग्रामीण परिवार अपनी आजीविका के लिए डेयरी गतिविधियों पर निर्भर हैं। दूध न केवल पोषण सुरक्षा प्रदान करता है बल्कि यह कृषि आधारित रोजगार एवं महिला सशक्तिकरण का भी प्रमुख माध्यम है।
हालांकि डेयरी उद्योग के तीव्र विस्तार के साथ-साथ अनेक पर्यावरणीय चुनौतियाँ भी उत्पन्न हुई हैं।पारंपरिक डेयरी उत्पादन प्रणाली अत्यधिक जल, ऊर्जा एवं प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर करती है। आधुनिक डेयरी संयंत्रों में पाश्चुरीकरण, रेफ्रिजरेशन, बॉयलर संचालन, स्प्रे ड्राइंग, वाष्पीकरण एवं पैकेजिंग जैसी प्रक्रियाएँ भारी मात्रा में ऊर्जा की खपत करती हैं। इसके अतिरिक्त डेयरी उद्योग से निकलने वाला अपशिष्ट जल उच्च जैविक ऑक्सीजन मांग (बी0ओ0डी0) एवं रासायनिक ऑक्सीजन मांग (सी0ओ0डी0) के कारण पर्यावरण प्रदूषण का प्रमुख स्रोत बनता है।
वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, कार्बन उत्सर्जन,जैव विविधता ह्रास एवं प्राकृतिक संसाधनों की कमी ने डेयरी उद्योग को अधिक पर्यावरण-अनुकूल बनाने की आवश्यकता को बढ़ा दिया है। इसी कारण “सतत डेयरी विकास” की अवधारणा तेजी से विकसित हुई है। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ औद्योगिक उत्पादकता, आर्थिक लाभप्रदता तथा खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
आज का उपभोक्ता केवल उत्पाद की गुणवत्ता ही नहीं बल्कि उसकी उत्पादन प्रक्रिया, पर्यावरणीय प्रभाव, पशु कल्याण एवं खाद्य सुरक्षा के प्रति भी जागरूक है, परिणामस्वरूप डेयरी उद्योगों को हरित प्रौद्योगिकियों एवं डिजिटल समाधानों को अपनाने की आवश्यकता बढ़ गई है।
डेयरी उद्योग का पर्यावरणीय प्रभाव
डेयरी उद्योग वैश्विक खाद्य प्रणाली का अत्यधिक संसाधन-निर्भर क्षेत्र है। यह जल, ऊर्जा, परिवहन,पैकेजिंग एवं पशुपालन प्रणालियों पर आधारित होने के कारण पर्यावरण पर व्यापक प्रभाव डालता है।
ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन
डेयरी क्षेत्र ग्रीनहाउस गैसों के प्रमुख स्रोतों में से एक है।विशेष रूप से मिथेन गैस का उत्सर्जन डेयरी पशुओं के आंत्रिक किण्वन तथा गोबर अपघटन से होता है। मिथेन की वैश्विक तापीय क्षमता कार्बन डाइऑक्साइड की तुलना में कई गुना अधिक होती है।
दुग्ध पशुओं के चारे के उत्पादन में प्रयुक्त उर्वरक, सिंचाई,कृषि मशीनरी एवं परिवहन भी अप्रत्यक्ष कार्बन उत्सर्जन में योगदान देते हैं। इसके अतिरिक्त कच्चे दूध एवं दुग्ध उत्पादों के परिवहन हेतु आवश्यक कोल्ड चेन प्रणाली भी ऊर्जा खपत बढ़ाती है।
औद्योगिक स्तर पर पाश्चुरीकरण, स्टेरिलाइजेशन, वाष्पीकरण,स्प्रे ड्राइंग एवं रेफ्रिजरेशन प्रक्रियाएँ अत्यधिक तापीय एवं विद्युत ऊर्जा का उपयोग करती हैं। यदि यह ऊर्जा जीवाश्म ईंधनों से प्राप्त होती है तो कार्बन उत्सर्जन और अधिक बढ़ जाता है।
जल उपयोग एवं अपशिष्ट जल उत्पादन
डेयरी उद्योग में जल का उपयोग उपकरणों की सफाई, शीतलन, बॉयलर संचालन,प्रसंस्करण एवं सैनिटेशन कार्यों में व्यापक रूप से किया जाता है। परिणामस्वरूप बड़ी मात्रा में अपशिष्ट जल उत्पन्न होता है जिसमें वसा, प्रोटीन, लैक्टोज, डिटर्जेंट एवं सूक्ष्मजीव उपस्थित रहते हैं।
यदि इस अपशिष्ट जल का उचित उपचार नहीं किया जाए तो यह जल निकायों में ऑक्सीजन की कमी, दुर्गंध,यूट्रोफिकेशन एवं पारिस्थितिक असंतुलन उत्पन्न कर सकता है।
ठोस अपशिष्ट एवं उप–उत्पाद
डेयरी उद्योग से व्हे, बटरमिल्क, घी अवशेष, स्लज तथा पैकेजिंग सामग्री जैसे अनेक उप-उत्पाद उत्पन्न होते हैं। इनका अनुचित निपटान पर्यावरण प्रदूषण को बढ़ाता है।
व्हे में लैक्टोज एवं प्रोटीन की मात्रा अधिक होती है। यदि इसे सीधे जल स्रोतों में छोड़ दिया जाए तो बी0ओ0डी0 अत्यधिक बढ़ जाता है। इसलिए आधुनिक डेयरी उद्योग व्हे आधारित पेय, प्रोटीन सप्लीमेंट एवं जैव ईंधन उत्पादन जैसे उपयोगों को बढ़ावा दे रहे हैं।
जीवन चक्र मूल्यांकन
जीवन चक्र मूल्यांकन (एल0सी0एफ0) एक उन्नत वैज्ञानिक एवं विश्लेषणात्मक पद्धति है, जिसके माध्यम से किसी उत्पाद, प्रक्रिया अथवा औद्योगिक प्रणाली के सम्पूर्ण जीवन चक्र के दौरान होने वाले पर्यावरणीय प्रभावों का व्यापक मूल्यांकन किया जाता है। यह “कच्चे संसाधनों के दोहन से लेकर अंतिम अपशिष्ट निपटान तक” सभी चरणों में उत्पन्न पर्यावरणीय प्रभावों का अध्ययन करता है। डेयरी उद्योग में एल0सी0एफ0 का उपयोग विशेष रूप से कार्बन उत्सर्जन, ऊर्जा खपत, जल उपयोग, अपशिष्ट उत्पादन एवं संसाधन दक्षता के मूल्यांकन हेतु किया जाता है, क्योंकि यह उद्योग बहु-स्तरीय गतिविधियों जैसे पशुपालन, चारा उत्पादन, दूध संग्रहण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, वितरण एवं उपभोग पर आधारित होता है, जिनमें प्राकृतिक संसाधनों का व्यापक उपयोग तथा विभिन्न प्रकार के प्रदूषकों का उत्सर्जन होता है।
डेयरी उद्योग में जीवन चक्र मूल्यांकन के अंतर्गत सबसे पहले चारा उत्पादन का चरण आता है, जिसमें पशुओं के लिए हरा एवं सूखा चारा, अनाज तथा संतुलित पशु आहार तैयार करने हेतु कृषि भूमि, सिंचाई जल, उर्वरक, कीटनाशक एवं कृषि मशीनरी का उपयोग किया जाता है। इस चरण में रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग से नाइट्रस ऑक्साइड जैसी ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन होता है, जबकि कृषि उपकरणों में प्रयुक्त डीजल अप्रत्यक्ष कार्बन उत्सर्जन को बढ़ाता है। इसके पश्चात पशुपालन चरण में पशुओं के आंत्रिक किण्वन एवं गोबर के अपघटन से मिथेन गैस का उत्सर्जन होता है, जो जलवायु परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस चरण में जल एवं ऊर्जा उपयोग, पशु आवास प्रबंधन, गोबर प्रबंधन, पशु स्वास्थ्य तथा उत्पादकता जैसे कारकों का विश्लेषण किया जाता है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उच्च उत्पादकता एवं वैज्ञानिक प्रबंधन द्वारा प्रति इकाई दूध उत्पादन पर कार्बन उत्सर्जन को कम किया जा सकता है।
इसके बाद दूध संग्रहण एवं शीतलन चरण में ग्रामीण क्षेत्रों से दूध एकत्र कर शीतलन केन्द्रों तक पहुँचाने में ऊर्जा एवं ईंधन का उपयोग होता है, जिसमें बल्क मिल्क कूलर, शीतलन टैंक एवं परिवहन साधनों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। एल0सी0एफ0 इस चरण में ऊर्जा खपत, विद्युत उपयोग, परिवहन दूरी, ईंधन खपत तथा दूध की गुणवत्ता ह्रास जैसे पहलुओं का मूल्यांकन करता है। इसी प्रकार परिवहन चरण में डीजल एवं पेट्रोल आधारित वाहनों तथा कोल्ड चेन प्रणाली के कारण ऊर्जा खपत एवं कार्बन उत्सर्जन बढ़ता है, जिसमें ईंधन उपयोग, लॉजिस्टिक दक्षता तथा परिवहन दूरी जैसे कारकों का विश्लेषण किया जाता है। रूट ऑप्टिमाइजेशन एवं वैकल्पिक ईंधन तकनीकों के उपयोग से इस प्रभाव को कम किया जा सकता है।
डेयरी प्रसंस्करण चरण में पाश्चुरीकरण, समांगीकरण, वाष्पीकरण,स्प्रे ड्राइंग एवं रेफ्रिजरेशन जैसी प्रक्रियाओं में बड़ी मात्रा में ऊर्जा एवं जल का उपयोग होता है, साथ ही अपशिष्ट जल एवं तापीय ऊर्जा का उत्पादन भी होता है। एल0सी0एफ0 इस चरण में ऊर्जा दक्षता, जल खपत, मशीनरी प्रदर्शन तथा अपशिष्ट प्रबंधन का मूल्यांकन करता है। पैकेजिंग चरण में प्लास्टिक, टेट्रा पैक एवं अन्य सामग्री का उपयोग उत्पाद की सुरक्षा के लिए किया जाता है, किंतु इसका उत्पादन एवं निपटान पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण होता है, जिसमें पुनर्चक्रण क्षमता, प्लास्टिक उपयोग एवं पैकेजिंग अपशिष्ट का विश्लेषण किया जाता है। वितरण एवं उपभोग चरण में कोल्ड स्टोरेज, घरेलू रेफ्रिजरेशन एवं खाद्य अपशिष्ट का पर्यावरणीय प्रभाव देखा जाता है, जबकि अपशिष्ट प्रबंधन चरण में व्हे, स्लज एवं पैकेजिंग अपशिष्ट के पुनर्चक्रण एवं निपटान की प्रक्रिया का मूल्यांकन किया जाता है।
अंततः जीवन चक्र मूल्यांकन डेयरी उद्योग को कार्बन फुटप्रिंट एवं जल फुटप्रिंट के आकलन, ऊर्जा दक्षता सुधार, संसाधन संरक्षण, पर्यावरणीय हॉटस्पॉट की पहचान, हरित उत्पाद प्रमाणन तथा सतत उत्पादन रणनीति विकसित करने में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करता है। यह तकनीक उद्योग को यह समझने में सक्षम बनाती है कि किस चरण में सबसे अधिक संसाधन उपयोग एवं पर्यावरणीय प्रभाव हो रहा है तथा कहाँ सुधार की आवश्यकता है, जिससे एक अधिक टिकाऊ एवं पर्यावरण-संतुलित डेयरी प्रणाली विकसित की जा सके।
हरित डेयरी प्रसंस्करण प्रौद्योगिकियाँ
आधुनिक डेयरी उद्योग का एक महत्वपूर्ण एवं उभरता हुआ क्षेत्र हैं, जिनका उद्देश्य ऊर्जा दक्षता को बढ़ाना,पर्यावरणीय प्रभाव को कम करना तथा उत्पाद की गुणवत्ता एवं पोषण मूल्य को सुरक्षित रखना है। पारंपरिक डेयरी प्रसंस्करण प्रणालियाँ जहाँ अधिक ऊर्जा एवं तापीय संसाधनों की आवश्यकता रखती हैं, वहीं हरित तकनीकें कम ऊर्जा खपत, न्यूनतम प्रदूषण एवं अधिक स्थिरता पर आधारित होती हैं। इन तकनीकों के माध्यम से डेयरी उद्योग को अधिक टिकाऊ, पर्यावरण-अनुकूल एवं आर्थिक रूप से कुशल बनाया जा रहा है।
गैर–तापीय प्रसंस्करण तकनीकें
गैर-तापीय प्रसंस्करण तकनीकें इस दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, क्योंकि इनमें कम या बिना तापीय ऊर्जा के सूक्ष्मजीव नियंत्रण एवं उत्पाद संरक्षण किया जाता है, जिससे दूध एवं दुग्ध उत्पादों के पोषण तत्व, स्वाद एवं रंग सुरक्षित रहते हैं।
हाई प्रेशर प्रोसेसिंग (एच0पी0पी0)
यह तकनीक अत्यधिक दाब का उपयोग कर सूक्ष्मजीवों को निष्क्रिय करती है, जिससे उत्पाद की पोषण गुणवत्ता एवं स्वाद सुरक्षित रहता है।
पल्स्ड इलेक्ट्रिक फील्ड (पी0इ0एफ0)
इस तकनीक में उच्च वोल्टेज विद्युत पल्स के माध्यम से सूक्ष्मजीव कोशिकाओं की झिल्ली को क्षतिग्रस्त किया जाता है। इससे तापीय क्षति कम होती है तथा उत्पाद की ताजगी बनी रहती है।
कोल्ड प्लाज्मा एवं अल्ट्रासाउंड
कोल्ड प्लाज्मा तकनीक पैकेजिंग एवं उत्पादों के सूक्ष्मजीवीय नियंत्रण हेतु प्रभावी है। अल्ट्रासाउंड तकनीक होमोजेनाइजेशन, इमल्सीफिकेशन तथा माइक्रोबियल कमी में सहायक होती है।
झिल्ली निस्यंदन तकनीकें
झिल्ली निस्यंदन (मैम्बरेन फिल्ट्रेशन) तकनीकें भी हरित डेयरी प्रसंस्करण का एक अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, क्योंकि ये कम तापमान पर पृथक्करण एवं शोधन की क्षमता प्रदान करती हैं तथा ऊर्जा दक्ष होती हैं। माइक्रोफिल्ट्रेशन का उपयोग दूध से बैक्टीरिया एवं निलंबित कणों को हटाने में किया जाता है, जिससे उत्पाद की सुरक्षा एवं शेल्फ लाइफ में सुधार होता है। अल्ट्राफिल्ट्रेशन तकनीक प्रोटीन सांद्रण एवं व्हे प्रोटीन पृथक्करण के लिए उपयोगी है, जिसका उपयोग पनीर निर्माण एवं उच्च प्रोटीन पेय तैयार करने में किया जाता है। नैनोफिल्ट्रेशन द्वारा लैक्टोज एवं खनिजों का आंशिक पृथक्करण किया जाता है, जिससे उत्पाद की गुणवत्ता एवं ऊर्जा दक्षता में सुधार होता है, जबकि रिवर्स ऑस्मोसिस कम तापमान पर जल हटाने की प्रक्रिया को संभव बनाती है, जिससे ऊर्जा खपत कम होती है तथा जल पुनः उपयोग की सुविधा प्राप्त होती है।
नवीकरणीय ऊर्जा एकीकरण
ऊर्जा लागत एवं कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए डेयरी उद्योग में नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग भी तेजी से बढ़ रहा है। सौर ऊर्जा का उपयोग दूध शीतलन, जल गर्म करने, विद्युत उत्पादन एवं सौर ड्रायर संचालन में किया जाता है, जो विशेष रूप से ग्रामीण डेयरी क्षेत्रों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं लागत प्रभावी है। बायोगैस प्रणाली में गोबर एवं डेयरी अपशिष्टों के अवायवीय अपघटन से ऊर्जा उत्पन्न होती है, जिसका उपयोग बॉयलर संचालन, विद्युत एवं तापीय ऊर्जा उत्पादन में किया जाता है, साथ ही यह अपशिष्ट प्रबंधन एवं कार्बन उत्सर्जन में कमी में भी सहायक है। बायोमास ऊर्जा कृषि अवशेषों एवं जैविक पदार्थों से प्राप्त होती है, जिससे जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम होती है और ग्रामीण ऊर्जा उपलब्धता में वृद्धि होती है।
सतत डेयरी आपूर्ति शृंखला
सतत डेयरी आपूर्ति शृंखला का उद्देश्य उत्पादन से लेकर उपभोक्ता तक संपूर्ण प्रक्रिया को पर्यावरणीय, सामाजिक एवं आर्थिक दृष्टि से संतुलित बनाना है। इसमें स्मार्ट दूध संग्रहण प्रणाली के अंतर्गत सौर ऊर्जा आधारित बल्क मिल्क कूलर, स्वचालित दूध संग्रहण इकाइयाँ, डिजिटल गुणवत्ता परीक्षण एवं (आई0ओ0टी0) आधारित तापमान निगरानी जैसी तकनीकों का उपयोग किया जाता है, जिससे दूध की गुणवत्ता सुरक्षित रहती है और ऊर्जा की बचत होती है। हरित परिवहन प्रणाली में इलेक्ट्रिक वाहनों, (जी0पी0एस0) आधारित रूट ऑप्टिमाइजेशन, स्मार्ट कोल्ड चेन एवं वास्तविक समय तापमान निगरानी जैसी तकनीकें शामिल हैं, जो कार्बन उत्सर्जन को कम करती हैं तथा लॉजिस्टिक दक्षता बढ़ाती हैं। इसके साथ ही ट्रेसबिलिटी प्रणाली में ब्लॉकचेन, आर0एफ0आई0डी0 टैग, क्यू0आर0 कोड एवं क्लाउड आधारित डेटा प्रबंधन का उपयोग किया जाता है, जिससे उत्पाद की उत्पत्ति, गुणवत्ता एवं आपूर्ति श्रृंखला में पारदर्शिता सुनिश्चित होती है तथा उपभोक्ता विश्वास एवं खाद्य सुरक्षा में वृद्धि होती है।
सर्कुलर इकॉनमी एवं डेयरी उप–उत्पाद उपयोगीकरण
सर्कुलर इकॉनमी का मुख्य उद्देश्य “अपशिष्ट को संसाधन में परिवर्तित करना” है, और डेयरी उद्योग इस अवधारणा के अनुप्रयोग के लिए अत्यंत उपयुक्त क्षेत्र है। इसमें उत्पादन प्रक्रिया से उत्पन्न उप-उत्पादों एवं अपशिष्टों का पुनः उपयोग कर उन्हें मूल्य संवर्धित उत्पादों में बदला जाता है। डेयरी उद्योग में व्हे, बटरमिल्क, घी अवशेष तथा स्लज जैसे उप-उत्पादों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। व्हे से व्हे प्रोटीन कंसंट्रेट, स्पोर्ट्स ड्रिंक, प्रोबायोटिक पेय तथा बायोएथेनॉल जैसे उच्च मूल्य वाले उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं, जिससे न केवल अपशिष्ट में कमी आती है बल्कि अतिरिक्त आर्थिक लाभ भी प्राप्त होता है। इसी प्रकार बटरमिल्क में उपस्थित फॉस्फोलिपिड एवं प्रोटीन का उपयोग न्यूट्रास्यूटिकल एवं फंक्शनल फूड उत्पादों में किया जाता है, जो स्वास्थ्य संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। घी उत्पादन से प्राप्त अवशेषों का उपयोग बेकरी उत्पादों, पशु आहार एवं प्रोटीन सप्लीमेंट के रूप में किया जा रहा है, जबकि डेयरी स्लज का उपयोग कम्पोस्ट, जैव उर्वरक एवं बायोगैस उत्पादन में किया जा सकता है, जिससे पर्यावरणीय प्रदूषण में कमी आती है और संसाधन दक्षता बढ़ती है।
अपशिष्ट जल उपचार एवं जल स्थिरता
डेयरी अपशिष्ट जल प्रबंधन सतत डेयरी विकास का महत्वपूर्ण भाग है।
भौतिक उपचार
स्क्रीनिंग, सेडिमेंटेशन, फिल्ट्रेशन एवं डिसॉल्व्ड एयर फ्लोटेशन तकनीकों द्वारा ठोस कणों एवं वसा को हटाया जाता है।
जैविक उपचार
एक्टिवेटेड स्लज प्रक्रिया, एरोबिक लैगून एवं एनारोबिक डाइजेशन जैविक प्रदूषकों को विघटित कर अपशिष्ट जल का स्थिरीकरण करते हैं।
एनारोबिक डाइजेशन से मीथेन-समृद्ध बायोगैस प्राप्त होती है, जिसका उपयोग ऊर्जा उत्पादन में किया जा सकता है।
उन्नत उपचार तकनीकें
मेम्ब्रेन बायोरिएक्टर, रिवर्स ऑस्मोसिस,अल्ट्रावायलेट डिसइन्फेक्शन एवं एडवांस्ड ऑक्सीकरण प्रक्रियाएँ उच्च गुणवत्ता वाला उपचारित जल प्रदान करती हैं, जिसे पुनः औद्योगिक कार्यों में उपयोग किया जा सकता है।
डजिटल रूपांतरण एवं इंडस्ट्री
डिजिटल रूपांतरण एवं इंडस्ट्री ने डेयरी उद्योग को एक स्मार्ट, स्वचालित एवं डेटा-आधारित प्रणाली में परिवर्तित कर दिया है।इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आई0ओ0टी0) आधारित तकनीकें स्वचालित दुग्ध दुहन, पशु स्वास्थ्य निगरानी, दूध गुणवत्ता परीक्षण एवं ऊर्जा प्रबंधन में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही हैं। इसके साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आरटीफि’िायल इंटेलिजेंस) एवं बिग डेटा एनालिटिक्स का उपयोग रोग पहचान, उत्पादन पूर्वानुमान, आपूर्ति शृंखला प्रबंधन एवं प्रक्रिया अनुकूलन में किया जा रहा है, जिससे दक्षता एवं उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। ब्लॉकचेन तकनीक डेयरी उत्पादों की ट्रेसबिलिटी एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करती है, जिससे आपूर्ति शृंखला में विश्वास बढ़ता है। इसके अतिरिक्त स्मार्ट पैकेजिंग तकनीकों में क्यू0आर0 कोड, आर0एफ0आई0डी0 टैग एवं ताजगी संकेतक (फे्र’ानेस इंडिकेटर) का उपयोग उपभोक्ता सुरक्षा, गुणवत्ता आश्वासन एवं उत्पाद निगरानी को और अधिक सुदृढ़ बनाता है, जिससे आधुनिक डेयरी उद्योग अधिक सुरक्षित, पारदर्शी एवं सतत विकास की दिशा में अग्रसर होता है।
सतत विपणन एवं उपभोक्ता सहभागिता
सतत विपणन एवं उपभोक्ता सहभागिता आधुनिक डेयरी उद्योग का एक महत्वपूर्ण घटक बन चुका है, क्योंकि वर्तमान उपभोक्ता पर्यावरण संरक्षण, पशु कल्याण एवं खाद्य सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक हो गए हैं। इसी कारण डेयरी उद्योग अब हरित विपणन रणनीतियों को अपनाने पर बल दे रहा है, जिसमें पर्यावरण-अनुकूल पैकेजिंग, ऑर्गेनिक डेयरी उत्पाद, कार्बन-न्यूट्रल ब्रांडिंग तथा सतत सोर्सिंग जैसी पहलें शामिल हैं। ये सभी उपाय न केवल पर्यावरणीय प्रभाव को कम करते हैं, बल्कि उपभोक्ताओं के बीच ब्रांड के प्रति विश्वास एवं निष्ठा को भी मजबूत करते हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, मोबाइल एप्लीकेशन एवं डेटा एनालिटिक्स आधारित डिजिटल मार्केटिंग का उपयोग उपभोक्ता व्यवहार के विश्लेषण, मांग पूर्वानुमान तथा लक्षित विपणन रणनीतियों के निर्माण में अत्यंत सहायक सिद्ध हो रहा है, जिससे डेयरी उत्पादों की पहुंच एवं स्वीकार्यता में वृद्धि होती है।
आर्थिक चुनौतियाँ एवं नीतिगत ढाँचा
आर्थिक चुनौतियाँ एवं नीतिगत ढाँचा हरित डेयरी प्रौद्योगिकियों के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, क्योंकि इन तकनीकों को अपनाने में कई प्रकार की बाधाएँ सामने आती हैं। प्रमुख चुनौतियों में उच्च प्रारंभिक निवेश लागत, तकनीकी जटिलता, प्रशिक्षित मानव संसाधन की कमी तथा अवसंरचनात्मक सीमाएँ शामिल हैं। विशेष रूप से लघु एवं ग्रामीण डेयरी उत्पादकों के लिए नवीकरणीय ऊर्जा प्रणालियों, अपशिष्ट उपचार संयंत्रों एवं डिजिटल तकनीकों की स्थापना एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। इन समस्याओं के समाधान हेतु सरकारी नीतियाँ, हरित सब्सिडी, कर लाभ, कार्बन क्रेडिट प्रणाली, तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा कम ब्याज दर पर ऋण सुविधाएँ सतत डेयरी विकास को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, जिससे उद्योग अधिक समावेशी एवं पर्यावरण-अनुकूल बन सके।
भविष्य की संभावनाएँ एवं निष्कर्ष
आने वाला डेयरी उद्योग अधिक स्मार्ट, कार्बन-कुशल, डिजिटल रूप से एकीकृत एवं पर्यावरणीय रूप से स्थायी होगा।कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए0आई0) आधारित स्मार्ट फैक्ट्री, नवीकरणीय ऊर्जा संचालित प्रसंस्करण संयंत्र, सर्कुलर बायोइकॉनमी मॉडल, स्मार्ट कोल्ड चेन एवं जैव-अवक्रमणीय पैकेजिंग जैसी तकनीकें भविष्य की प्रमुख दिशा निर्धारित करेंगी। भविष्य के अनुसंधान का केंद्र कम लागत वाली हरित तकनीकों का विकास ए0आई0 आधारित स्थिरता निगरानी प्रणाली, कार्बन कैप्चर तकनीक, स्मार्ट पैकेजिंग समाधान तथा ऊर्जा दक्ष प्रशीतन प्रणालियाँ होंगी। अंततः यह कहा जा सकता है कि सतत डेयरी विकास केवल पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता नहीं है, बल्कि यह आर्थिक विकास एवं तकनीकी नवाचार का भी एक महत्वपूर्ण अवसर है। हरित प्रौद्योगिकियों, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल परिवर्तन एवं सर्कुलर इकॉनमी के एकीकृत उपयोग से डेयरी उद्योग को अधिक उत्पादक, पर्यावरण-अनुकूल एवं दीर्घकालिक रूप से टिकाऊ बनाया जा सकता है।
Dr. Sanjay Kumar Bharti (BVSc&AH, MVSc, PhD)
Associate Professor
Dept. of Livestock Products Technology
College of Veterinary Science & Animal Husbandry
U.P. Pt. Deen Dayal Upadhyaya Pashu Chikitsa Vigyan Viswavidyalaya evam go-anusandhan sansthan, DUVASU, Mathura (U.P.) 281001- INDIA
9720951115



